Bihar Crime: कब्र खुदवाकर निकाला गया नाबालिग का शव,दुष्कर्म के बाद नाबालिग की हत्या या दबाई गई साजिश, अब होगा राजफाश

Bihar Crime: पुलिस ने अदालत और शिकायत के आधार पर कब्र खोदकर एक नाबालिग लड़की का शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।...

एकतरफा प्यार में खौफनाक हमला!- फोटो : social Media

Bihar Crime: एक ऐसी वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया है, जिसने इंसानियत को शर्मसार कर दिया है। मामला उस वक्त और भी सनसनीखेज हो गया जब पुलिस ने अदालत और शिकायत के आधार पर कब्र खोदकर एक नाबालिग लड़की का शव बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। यह कार्रवाई देखते ही पूरे इलाके में खामोशी और दहशत का माहौल फैल गया।

यह घटना सीतामढ़ी जिले  बेलसंड थाना क्षेत्र के पताही पंचायत अंतर्गत भोरहा टोला घुसुकपुर की है, जहां पीड़िता की मां आसमीन खातून ने गंभीर आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। शिकायत में आरोप है कि उसकी नाबालिग बेटी साबिया प्रवीण उर्फ रेशमा खातून के साथ पहले दुष्कर्म किया गया और फिर उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। इसके बाद बिना परिवार की सहमति के शव को चुपचाप कब्रिस्तान में दफना दिया गया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई करते हुए कब्र को खोदकर शव को बाहर निकाला। इस पूरी कार्रवाई ने इलाके में सनसनी फैला दी और लोग दबी जुबान में इसे एक बड़ी आपराधिक साज़िश बता रहे हैं।

थानाध्यक्ष जंगो राम के अनुसार, इस मामले में कई लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिनमें मो. भांगर शेख, मो. रियाज, गुलाब दर्जी, अली दर्जी, फिरोज दर्जी और मायरा खातून सहित अन्य लोग शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपित फिलहाल फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

पीड़िता की मां ने आरोप लगाया है कि गांव के कुछ लोगों ने घटना के बाद उसे धमकाकर चुप रहने को कहा था। वहीं यह भी सामने आया है कि एक आरोपी मो. रियाज मृतका पर निकाह का दबाव बना रहा था और स्कूल आने-जाने के दौरान उसे लगातार परेशान करता था।पुलिस अब इस पूरे मामले को हत्या, दुष्कर्म और आपराधिक साज़िश के एंगल से जांच रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट को इस केस की सबसे अहम कड़ी माना जा रहा है, जिससे सच और साज़िश के बीच की परतें खुलने की उम्मीद है।