Crime In Siwan: लोजपा नेता रईस खान के चाचा पर गोलीबारी, हालत गंभीर, जांच में जुटी पुलिस
सीवान जिले के नगर थाना क्षेत्र के इस्लामिया नगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बीएसएफ के रिटायर्ड जवान साहेब हुसैन खान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। साहेब हुसैन, लोजपा नेता और पूर्व एमएलसी प्रत्याशी रईस खान के चाचा हैं।

Crime In Siwan: सीवान जिले के नगर थाना क्षेत्र के इस्लामिया नगर में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां बीएसएफ के रिटायर्ड जवान साहेब हुसैन खान को अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। साहेब हुसैन, लोजपा नेता और पूर्व एमएलसी प्रत्याशी रईस खान के चाचा हैं।
साहेब हुसैन अपने घर के दरवाजे पर खड़े थे, तभी दो अज्ञात युवकों ने उन्हें सलाम किया और बिना किसी झिझक के उनके पेट में गोली मार दी। गोली लगने से वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद साहेब हुसैन को तुरंत सीवान सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें अन्य विशेषज्ञ चिकित्सा केंद्र भेज दिया गया है। उनका इलाज जारी है और हालत अभी भी चिंताजनक बताई जा रही है।
साहेब हुसैन मार्च 2024 में ही बीएसएफ से रिटायर हुए हैं और वर्तमान में लक्ष्मीपुर इस्लामिया नगर में रहते हैं। मूलतः वे ग्यासपुर के रहने वाले हैं।
मामले की जांच कर रहे नगर थानाध्यक्ष राजू कुमार ने बताया कि घटनास्थल का निरीक्षण किया गया है और पीड़ित से पूछताछ की जा रही है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने छापेमारी अभियान तेज कर दिया है। हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।
बहरहाल सीवान में बढ़ते आपराधिक वारदातों की एक और कड़ी हो सकती है।
ताबिश इरशाद की रिपोर्ट