छठी कार्यक्रम में डीजे पर विवाद को लेकर चाकूबाजी, एक युवक की मौत व दो भाई गंभीर रूप से घायल
नवादा जिले में डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर हुए विवाद में बदमाशों ने तीन सगे भाइयों को चाकू से गोद डाला। इस घटना मे एक भाई की मौत हो गई है, जबिक दो का गंभीर हालत मे इलाज चल रहा है.....
Nawada : जिले के कादिरगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत देवनपुरा गांव में बीते सोमवार की देर रात एक छठियारी (बच्चे के जन्म उत्सव) कार्यक्रम के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। विवाद के बाद उपद्रवियों ने तीन सगे भाइयों पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। इस भीषण चाकूबाजी में इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो अन्य भाई गंभीर रूप से घायल हैं। घटना के बाद से पूरे देवनपुरा गांव में मातमी सन्नाटा और तनाव का माहौल व्याप्त है।
डीजे बंद कराने के बाद भी जारी रहा विवाद, पांच युवकों पर हमले का आरोप
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवनपुरा गांव में एक परिवार के यहां छठियारी का कार्यक्रम चल रहा था और लोग डीजे पर बज रहे गानों पर जश्न मना रहे थे। इसी दौरान भगाना नामक स्थानीय युवक अपने पांच अन्य दोस्तों के साथ वहां पहुंचा। डीजे पर मनपसंद गाना बजाने को लेकर विवाद शुरू हुआ, जिसे देखते हुए आयोजकों ने डीजे बंद करवा दिया। इसके बावजूद आरोपी उग्र हो गए और दोनों पक्षों के बीच तीखी कहासुनी और मारपीट शुरू हो गई।
संदीप की अस्पताल में मौत, प्रदीप और सूरज की हालत गंभीर
मारपीट के दौरान उपद्रवियों ने धारदार चाकू से तीन सगे भाइयों पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले में भोला मांझी के 25 वर्षीय पुत्र संदीप कुमार, प्रदीप कुमार और सूरज कुमार बुरी तरह जख्मी होकर लहूलुहान हो गए। स्थानीय ग्रामीणों और परिजनों की मदद से तीनों घायलों को तत्काल नवादा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के क्रम में मंगलवार को संदीप कुमार की मौत हो गई। वहीं, प्रदीप और सूरज का इलाज अस्पताल में जारी है।
त्वरित कार्रवाई में 5 संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी: डीएसपी अभिषेक कुमार
घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना पुलिस दलबल के साथ गांव पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। पुलिस ने इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाकर घटना में शामिल पांच संदिग्धों को हिरासत में ले लिया है। नवादा के डीएसपी अभिषेक कुमार ने बताया कि पांचों संदिग्धों को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और फॉरेंसिक व वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी।
गांव में पुलिस बल तैनात, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
संदीप कुमार की मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। गांव में किसी भी संभावित अप्रिय स्थिति और तनाव से निपटने के लिए एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। परिजनों की ओर से लिखित आवेदन मिलने के बाद नामजद प्राथमिकी दर्ज कर ली जाएगी।
अमन सिन्हा की रिपोर्ट