बिहार में गुंडों का तांडव, होटल पर जमकर बरसाए पत्थर, इलाके में अफरा-तफरी
Bihar Crime: होटल पर अज्ञात युवकों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हिंसक घटना से होटल परिसर में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग दहशत में आ गए।...
Bihar Crime: गोपालगंज शहर में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई जब कॉलेज रोड स्थित एक होटल पर अज्ञात युवकों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हिंसक घटना से होटल परिसर में मौजूद कर्मचारी और आसपास के लोग दहशत में आ गए। हमले में होटल की खिड़कियों के शीशे, बाहरी ढांचा और कई सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, देर रात दो युवक होटल के बाहर पहुंचे और कर्मचारियों से बहस करने लगे। आरोप है कि वे डायल 112 पुलिस को बुलाने को लेकर होटल कर्मियों पर नाराज थे और इसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। बहस बढ़ने के बाद दोनों युवकों ने अचानक ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। कुछ ही देर में उनके अन्य साथी भी वहां पहुंच गए और पूरे होटल परिसर को निशाना बनाकर जमकर पत्थरबाजी की गई।
घटना के दौरान होटल कर्मचारियों ने किसी तरह भागकर अपनी जान बचाई और तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 और नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक सभी हमलावर फरार हो चुके थे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी। प्रारंभिक जांच में यह भी संभावना जताई जा रही है कि घटना के पीछे कोई पुराना विवाद या आपसी रंजिश हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि अभी नहीं हुई है।
घटना के बाद इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को सख्त कर दिया गया है। फिलहाल पूरा क्षेत्र तनावपूर्ण माहौल में है और पुलिस हर गतिविधि पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से बचा जा सके।
रिपोर्ट- नमोनारायण मिश्रा