मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा: स्कूल की छत पर खेल रहे तीन छात्र हाईटेंशन तार की चपेट में आए
हादसा अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, अहियापुर में हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल की छत पर खेल रहे तीन छात्र पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए।
Bihar News : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में सरकारी स्कूल की छत पर खेल रहे तीन छात्र हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आकर बुरी तरह जख्मी हो गए। हादसे में एक छात्र की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को इलाज के लिए श्रीकृष्ण मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (SKMCH), मुजफ्फरपुर में भर्ती कराया गया है।
यह हादसा अहियापुर थाना क्षेत्र स्थित राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय, अहियापुर में हुआ। मिली जानकारी के अनुसार, स्कूल की छत पर खेल रहे तीन छात्र पास से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। करंट की चपेट में आने से तीनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्कूल में हड़कंप मच गया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
एक छात्र की हालत गंभीर
हादसे में घायल तीनों छात्रों को SKMCH में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इनमें एक छात्र की स्थिति गंभीर बताई जा रही है। घटना की जानकारी मिलने के बाद घायल छात्रों के परिजनों में आक्रोश है।
मौके पर पहुंची पुलिस और जिला प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही मुजफ्फरपुर पुलिस और जिला प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और स्कूल की छत के पास से गुजर रहे हाईटेंशन तार से छात्रों के संपर्क में आने की वजह क्या रही, इसकी जांच की जा रही है।
घटना ने स्कूल परिसर के आसपास बिजली के हाईटेंशन तारों की सुरक्षा और बच्चों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मणिभूषण की रिपोर्ट