चलती ट्रेन में NCC कैडेट से TTE ने किया दुष्कर्म, आरोपी पर 10 हजार का इनाम घोषित
अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस ट्रेन में TTE के द्वारा NCC कैडेट से चलती ट्रेन में रेप का मामला सामने आया है. युवती को सीट देने के बहाने TTE ने चलती ट्रेन में घिनौनी करतूत को अनजाम दिया और फरार टीटीई पर 10 हजार का इनाम घोषित
गुजरात के अहमदाबाद से यूपी के गोरखपुर जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में एक बार फिर रेल यात्रियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। ट्रेन में यात्रा कर रही एक युवती के साथ टिकट चेक करने वाले टीटीई (TTE) द्वारा छेड़खानी और घिनौनी हरकत का मामला सामने आया है। मऊ की रहने वाली एक NCC कैडेट युवती के साथ अहमदाबाद-गोरखपुर एक्सप्रेस में हुई घिनौनी वारदात ने रेलवे सुरक्षा पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। एनसीसी 'सी' सर्टिफिकेट की परीक्षा देकर गोरखपुर लौट रही युवती के साथ चलती ट्रेन में एक टीटीई (TTE) ने दुष्कर्म जैसी शर्मनाक घटना को अंजाम दिया। यह घटना रविवार की बताई जा रही है, जिसने पूरे रेल विभाग में हड़कंप मचा दिया है।
सीट देने के बहाने केबिन में बुलाया
पीड़ित युवती मऊ से गोरखपुर आने के लिए ट्रेन में सवार हुई थी। अत्यधिक भीड़ होने के कारण वह टिकट नहीं ले सकी थी और एसी (AC) फर्स्ट क्लास कोच में खड़ी थी। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात टीटीई राहुल कुमार ने उसे बिना टिकट पाया। मदद करने और सीट दिलाने का झांसा देकर आरोपी टीटीई युवती को कोच के एक खाली केबिन में ले गया, जहां उसने युवती के विश्वास का फायदा उठाया।
केबिन की कुंडी लगाकर किया दुष्कर्म
आरोप है कि जब ट्रेन देवरिया स्टेशन के पास थी, तब टीटीई राहुल कुमार ने केबिन के अंदर से कुंडी बंद कर दी। युवती ने जब विरोध किया तो आरोपी ने उसे डराया और उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने युवती को धमकी भी दी कि यदि उसने किसी से कुछ कहा, तो वह बिना टिकट यात्रा करने के आरोप में उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करवा देगा।
गोरखपुर पहुंचते ही पीड़िता ने दर्ज कराई रिपोर्ट
हिम्मत दिखाते हुए पीड़िता ने गोरखपुर रेलवे स्टेशन पहुंचते ही जीआरपी (GRP) पुलिस को पूरी आपबीती सुनाई। युवती की शिकायत पर पुलिस ने तुरंत मामला दर्ज कर लिया है। एसपी जीआरपी लक्ष्मी निवास मिश्र ने बताया कि युवती का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है और बयान दर्ज कर लिए गए हैं। पीड़िता मऊ की रहने वाली है और फिलहाल गोरखपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है।
फरार आरोपी पर 10 हजार का इनाम
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी टीटीई राहुल कुमार देवरिया स्टेशन के आसपास से फरार हो गया है। पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी हैं और उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। आरोपी पर विभाग द्वारा 10 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया है।ताकि आम जनता की मदद से उसे जल्द से जल्द पकड़ा जा सके। रेलवे प्रशासन ने भी आरोपी टीटीई को सेवा से तत्काल निलंबित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
रेलवे में महिला सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने यह साबित कर दिया है कि महिला यात्रियों के लिए ट्रेन के भीतर के कर्मचारी ही खतरा बन सकते हैं। एक अनुशासित एनसीसी कैडेट के साथ ऐसी हरकत होना समाज और प्रशासन के लिए चिंता का विषय है। जीआरपी अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को पकड़ने के बाद उसके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाएगा ताकि पीड़िता को जल्द से जल्द न्याय मिल सके।