मुजफ्फरपुर में बेखौफ अपराधियों का तांडव: बाइक सवार युवक को घेरकर 30 हजार नगद, टैब और मोबाइल लूटा, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Bihar Crime : मुजफ्फरपुर जिले में अपराधियों के हौसले काफी बुलंद हो गए है। अपराधियों ने आज दिन-दहाड़े एक युवक के साथ लूट की घटना को अंजाम दिया। बाइक सवार अपराधियों ने युवक से नगद, टैब और मोबाइल लूट लिए....

मुजफ्फरपुर में दिन-दहाड़े युवक से लूट- फोटो : मनीभूषण शर्मा

Muzaffarpur : जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। गुरुवार की सुबह करीब 11:30 बजे भुताने चौक के समीप हथियार से लैस बाइक सवार अपराधियों ने काम पर जा रहे एक युवक को घेरकर हथियार के बल पर ₹30,000 नकद, एक मोबाइल, एक टैब और कंपनी के कई महत्वपूर्ण कागजात लूट लिए। दिनदहाड़े हुई लूट की इस सनसनीखेज वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर भारी नाराजगी है।


रोज की तरह बाइक से काम पर जा रहा था पीड़ित 

जानकारी के अनुसार, हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई गांव निवासी मदन कुमार गुरुवार की सुबह रोज की तरह अपनी मोटरसाइकिल से काम पर निकले थे। वे जैसे ही भुताने चौक के समीप पहुंचे, तभी पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने हथियार चमकाते हुए उनकी गाड़ी को जबरन रुकवा लिया। मदन कुछ समझ पाते, तब तक अपराधियों ने उनकी कनपटी पर पिस्तौल सटा दी और जान से मारने की धमकी देकर उनका सब कुछ लूट लिया। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी हथियार लहराते हुए मौके से फरार हो गए।


दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुए भागते अपराधी

लूट की इस पूरी वारदात के बाद जब पुलिस ने तफ्तीश शुरू की, तो घटना स्थल से महज चंद कदम की दूरी पर स्थित एक दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा रहा है कि एक टीवीएस राइडर (TVS Raider) गाड़ी और एक स्प्लेंडर (Splendor) मोटरसाइकिल पर सवार कुल चार अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद भुसाही की तरफ तेजी से भाग रहे हैं। पुलिस इन फुटेज के आधार पर अपराधियों के हुलिए और गाड़ियों के नंबर की पहचान करने में जुटी है।


घटनास्थल पर पहुंचे पूर्वी-1 एसडीपीओ, शुरू की छानबीन

दिनदहाड़े लूट की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में खलबली मच गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पूर्वी-1 अलय वत्स तुरंत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित मदन कुमार से घटना की पूरी जानकारी ली और दुकान में लगे सीसीटीवी फुटेज को खुद खंगाला। एसडीपीओ ने मौके पर मौजूद पुलिस पदाधिकारियों को अपराधियों की त्वरित गिरफ्तारी और तकनीकी व मानवीय इनपुट के आधार पर कड़े कदम उठाने के आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


अपराधियों की धर-पकड़ के लिए हथौड़ी पुलिस की लगातार छापेमारी

मामले की जानकारी मिलते ही हथौड़ी थाना पुलिस पूरी तरह हरकत में आ गई है। हथौड़ी थानाध्यक्ष के नेतृत्व में पुलिस की एक विशेष टीम गठित की गई है, जो सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे रूट और अपराधियों के संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि अपराधियों की पहचान के काफी करीब पहुंचा जा चुका है और जल्द ही इस कांड का उद्भेदन कर लूटी गई रकम व सामान बरामद कर लिया जाएगा।


मणिभूषण की रिपोर्ट