सारण में बेखौफ अपराधियों का तांडव: राजस्व कर्मचारी को दिनदहाड़े मारी गोली, इलाज के लिए अस्पताल मे भर्ती

Chapra : जिले से कानून-व्यवस्था को चुनौती देने वाली एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां बेखौफ अपराधियों ने प्रशासनिक व्यवस्था पर सीधा प्रहार करते हुए एक राजस्व कर्मचारी को दिनदहाड़े गोली मार दी। गोलीबारी की इस घटना के बाद पूरे प्रशासनिक महकमे और स्थानीय इलाके में हड़कंप मच गया है।


मिली जानकारी के अनुसार जिले  के सहाजितपुर थाना क्षेत्र के मोती छपरा पुल के समीप उस समय हुई जब बाइक पर सवार दो अज्ञात बदमाशों ने पीछे से आकर कर्मचारी पर फायरिंग की और मौके से फरार हो गए.


आवश्यक कार्य के लिए रविवार को बुलाया गया था कार्यालय

घायल की पहचान खैरा थाना क्षेत्र निवासी मंजूर अंसारी के पुत्र असलम अंसारी के रूप में हुई है। असलम अंसारी सिवान के भगवानपुर में राजस्व कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं। रविवार को उन्हें विभाग से किसी आवश्यक कार्य के सिलसिले में बुलाया गया था। काम पूरा कर वे अपने घर लौट रहे थे, तभी मोती छपरा पुल के पास घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला कर दिया।


पुलिस ने पहुंचाया अस्पताल

राजस्व कर्मचारी को गोली उनके कंधे में लगी, जिससे वे गंभीर रूप से जख्मी हो गए. घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सहाजितपुर थाना पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सदर अस्पताल, छपरा पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।  


पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और अपराधियों की पहचान व गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।


अनिल की रिपोर्ट