Bihar Crime: राम जानकी मठ में घुसकर हंगामा, महंथ-पुजारी से मारपीट, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

Bihar Crime: राम जानकी मठ में असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है।...

राम जानकी मठ में घुसकर हंगामा- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली के सदर थाना क्षेत्र के सेंदुआरी स्थित राम जानकी मठ में असामाजिक तत्वों द्वारा कथित तौर पर घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि मठ की जमीन पर बिजली का पोल लगाने को लेकर हुए विवाद के दौरान हैदराबाद से आए महंथ कमलेश दास जी महाराज, मठ के पुजारी और वहां मौजूद अन्य लोगों के साथ मारपीट की गई। पूरी घटना मठ में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

CCTV फुटेज में कई युवक मठ परिसर में हंगामा और मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। घटना के बाद मठ के पुजारी ऋषि भावेशानंद ने सदर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में गांव के ही अजीत कुशवाहा और रंजन कुशवाहा समेत पांच लोगों पर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया गया है।

पुजारी की ओर से पुलिस को दिए गए आवेदन के मुताबिक, 29 सितंबर को हैदराबाद से आए महंथ कमलेश दास जी महाराज के साथ मठ से जुड़े विषयों पर बातचीत चल रही थी। इसी दौरान अजीत कुशवाहा कथित तौर पर आधा दर्जन से अधिक लोगों के साथ मठ परिसर में पहुंचा और मठ की जमीन पर बिजली का पोल लगाने को लेकर दबाव बनाने लगा।

शिकायत के अनुसार, जब मठ की ओर से कहा गया कि धार्मिक न्यास बोर्ड से अनुमति मिलने के बाद ही इस संबंध में कोई कदम उठाया जा सकता है, तो विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसके बाद युवक गाली-गलौज करने लगे और मामला मारपीट तक पहुंच गया।पुजारी का आरोप है कि सबसे पहले मंदिर में रहने वाले पिंटू के साथ मारपीट की गई। इसके बाद मठ में मौजूद राष्ट्रीय ब्राह्मण सभा के संस्थापक ई. आशुतोष कुमार झा के साथ भी कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट की गई। शिकायतकर्ता ने अपने साथ भी मारपीट और गाली-गलौज किए जाने का आरोप लगाया है।

घटना के बाद मठ परिसर में तनाव का माहौल बन गया। मामले की शिकायत मिलने के बाद सदर थाना पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। पुलिस अब मठ में लगे CCTV फुटेज को जांच का अहम आधार बना रही है।पुलिस के अनुसार, CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। मठ की जमीन पर पोल लगाने को लेकर शुरू हुआ विवाद आखिर मारपीट तक कैसे पहुंचा और घटना में शामिल लोगों की वास्तविक भूमिका क्या थी, यह पुलिस जांच के बाद स्पष्ट होगा।

रिपोर्ट- मणिभूषण शर्मा