Bihar Crime: नवजात की मौत पर फूटा गुस्सा, निजी नर्सिंग होम में जमकर हंगामा, डॉक्टर-कर्मी फरार

Bihar Crime: वैशाली के लालगंज में एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान नवजात की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा।

नवजात की मौत पर फूटा गुस्सा- फोटो : reporter

Bihar Crime: वैशाली के लालगंज में एक निजी नर्सिंग होम में इलाज के दौरान नवजात की मौत के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों का गुस्सा भड़क उठा। बच्चे की मौत से आक्रोशित लोगों ने नर्सिंग होम परिसर में जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल के चिकित्सक और कर्मचारी मौके से निकल गए। सूचना मिलते ही लालगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह लोगों को शांत कराया। पुलिस अब पूरे मामले की जांच में जुटी है।

घटना लालगंज थाना क्षेत्र के अगरपुर स्थित मां नर्सिंग होम की है। जानकारी के अनुसार, लालगंज नगर परिषद क्षेत्र के चिमनापुर निवासी राजन पासवान के नवजात बच्चे की सोमवार देर शाम इलाज के दौरान मौत हो गई। बच्चे की मौत की खबर जैसे ही परिजनों को मिली, वहां मातम के साथ आक्रोश भी फैल गया। देखते ही देखते नर्सिंग होम परिसर में लोगों की भीड़ जमा हो गई और हंगामा शुरू हो गया।

25 दिन पहले हुआ था ऑपरेशन

परिजनों के मुताबिक, करीब 25 दिन पहले राजन पासवान की पत्नी का चिकित्सक गणेश कुमार के यहां ऑपरेशन हुआ था, जिसके बाद बच्चे का जन्म हुआ। परिवार का दावा है कि प्रसव के बाद जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ थे और उन्हें अस्पताल से घर ले जाया गया था।

इसके बाद जीउतिया पर्व के दिन अचानक नवजात की तबीयत बिगड़ गई। बच्चे को इलाज के लिए चिकित्सक अशोक कुमार के मां नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया। परिजनों का आरोप है कि बच्चे के इलाज के नाम पर नर्सिंग होम में उनसे काफी रकम ली गई, लेकिन सोमवार देर शाम इलाज के दौरान नवजात ने दम तोड़ दिया।

इलाज के बाद मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप

नवजात की मौत के बाद परिजनों का आक्रोश और भड़क गया। उनका आरोप है कि बच्चे की मौत के बाद नर्सिंग होम के कर्मियों ने उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। इसी बात को लेकर अस्पताल परिसर में स्थिति तनावपूर्ण हो गई और बड़ी संख्या में लोग जमा होकर विरोध करने लगे।

हंगामे की सूचना मिलते ही लालगंज थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाकर शांत कराया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। इस दौरान नर्सिंग होम के चिकित्सक और कर्मचारी वहां से निकल गए।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल कर रही है। नवजात की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इलाज में किसी तरह की लापरवाही हुई या नहीं और परिजनों की ओर से लगाए गए आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार