Bihar Police: बिहार में पैसा,अपराध और खाकी के कनेक्शन का ऑडियो बम! ऊपर तक जाता है हिस्सा... मचा बवाल

Bihar Police: बिहार में पुलिस और अपराध की दुनिया के गठजोड़ को लेकर एक बार फिर सनसनी फैल गई है।...

बिहार में पैसा,अपराध और खाकी का कनेक्शन!- फोटो : reporter

Bihar Police: बिहार में पुलिस और अपराध की दुनिया के गठजोड़ को लेकर एक बार फिर सनसनी फैल गई है।वैशाली के महनार में थानाध्यक्ष समेत आठ पुलिसकर्मियों के निलंबन की कार्रवाई के बाद अब महुआ थाने से सामने आए एक कथित वायरल ऑडियो ने पुलिस महकमे की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल ऑडियो को महुआ थाने में पदस्थापित PSI दीनबंधु कुमार से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।

कथित ऑडियो में एक व्यक्ति पुलिस महकमे में कथित भ्रष्टाचार, पैसों के लेन-देन और अपराधियों को कथित संरक्षण दिए जाने जैसी गंभीर बातें करता सुनाई देता है। बातचीत में कथित तौर पर यह भी चर्चा है कि अवैध शराब और मादक पदार्थों के कारोबार से पैसा कैसे आता है और उसका हिस्सा किस स्तर तक पहुंचता है। इतना ही नहीं, कुछ रकम लेकर अपराधियों को कथित तौर पर छोड़ने या भगाने जैसी बातें भी बातचीत में होने का दावा किया जा रहा है। यदि ऑडियो की आवाज और बातचीत की प्रामाणिकता जांच में सही पाई जाती है, तो मामला बेहद गंभीर हो सकता है। इसी बीच 29 सितंबर को सामने आई एक लिखित शिकायत ने मामले की पेचीदगी और बढ़ा दी है। महुआ निवासी प्रिंस कुमार, जो हीरो फिनकॉर्प में कलेक्शन एजेंट बताए गए हैं, ने SDPO महुआ को आवेदन देकर PSI दीनबंधु कुमार और अपर थानाध्यक्ष सोनू गुप्ता पर गंभीर आरोप लगाए थे।

शिकायत के मुताबिक, 27 सितंबर की शाम करीब चार बजे बिना नंबर की बाइक रोके जाने के बाद विवाद हुआ। आरोप है कि चौकीदार के बेटे गौरव ने दोनों पुलिस पदाधिकारियों को बुलाया, जिसके बाद प्रिंस के साथ कथित मारपीट की गई। शिकायतकर्ता का दावा है कि उसका कंपनी आईडी कार्ड तोड़ दिया गया और उसे थाने ले जाकर करीब छह घंटे बैठाए रखा गया। आरोप यह भी है कि उससे 25 हजार रुपये की मांग की गई और बाद में 20 हजार रुपये लेकर PR बॉन्ड पर छोड़ा गया। शिकायतकर्ता ने कथित बातचीत से जुड़े कॉल रिकॉर्डिंग का पेन ड्राइव भी सौंपने की बात कही है।

अब उसी PSI से जुड़ा बताया जा रहा कथित ऑडियो सामने आने के बाद सवाल और गहरा गया है कि आखिर महुआ में पुलिसिंग का तौर-तरीका क्या है?  महनार की कार्रवाई और महुआ की शिकायत तथा कथित ऑडियो ने वैशाली पुलिस की साख और जवाबदेही को लेकर बहस जरूर तेज कर दी है। अब निगाहें पुलिस मुख्यालय और स्थानीय पुलिस प्रशासन की जांच पर हैं। सवाल सीधा है कथित ऑडियो की सच्चाई सामने आएगी और आरोप सही पाए गए तो जिम्मेदार लोगों पर क्या कार्रवाई होगी?

रिपोर्ट- ऋषभ कुमार