मोकामा में सुबह सुबह चली गोलियां, युवक को अपराधियों ने ठोका, फायरिंग से थर्रा उठा इलाका
मोकामा में अपराधियों ने तांडव एक बार फिर से देखने को मिला है. शनिवार अहले सुबह एक युवक पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई जिसमें उसे करीब दो गोली लगने की बातें कही जा रही है.
Mokama Crime News : राजधानी पटना से सटे मोकामा के मोलदियार टोला इलाके में शनिवार अहले सुबह गोलीबारी की घटना से सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, अरविंद सिंह के पुत्र कारू उर्फ निकेत कुमार को अपराधियों ने कई गोलियां मार दीं। गोली लगने के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से गंभीर रूप से घायल युवक को पहले स्थानीय रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी हालत को देखते हुए पीएमसीएच रेफर कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि निकेत कुमार चार दिन पहले ही दिल्ली से मोकामा लौटा था। सूत्रों के मुताबिक, सूखे नशे के सेवन के दौरान हुए आपसी विवाद में गोलीबारी की घटना को अंजाम दिया गया। हालांकि पुलिस अभी पूरे मामले की जांच में जुटी है और आधिकारिक तौर पर विवाद के कारणों की पुष्टि नहीं की गई है। गोलियों से घायल कारू को सुबह करीब 5.30 बजे लहूलुहान रूप में रेफरल अस्पताल ले जाया गया जहां से उसे पीएमसीएच रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों की पहचान में जुटी हुई है तथा इलाके के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। सूत्रों के अनुसार गोली मारने का कारण कुछ युवकों के बीच आपसी विवाद माना जा रहा है।
सूखा नशा बन रहा काल
इधर, बिहार में “सूखे नशे” का बढ़ता कारोबार और उससे जुड़ी आपराधिक घटनाएं लगातार चिंता का विषय बनती जा रही हैं। हाल के आंकड़ों के अनुसार, वर्ष 2025 में बिहार में करीब 28 हजार किलो गांजा, 2400 किलो अफीम एवं पॉपी स्ट्रॉ, 3.25 लाख कोडीनयुक्त सिरप की बोतलें और 3.48 लाख नशीली गोलियां बरामद की गई थीं।
वहीं 2026 में भी पुलिस और एसटीएफ की कार्रवाई लगातार जारी है। केवल सीमांचल और पटना समेत कई जिलों में इस साल अब तक भारी मात्रा में गांजा, स्मैक, ब्राउन शुगर, मॉर्फिन और नशीले इंजेक्शन बरामद किए गए हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, फरवरी 2026 से अप्रैल 2026 के बीच पटना में ही 60 हजार से अधिक नशीले इंजेक्शन जब्त किए गए, जबकि कई जिलों में करोड़ों रुपये के ड्रग्स और कोडीनयुक्त कफ सिरप पकड़े गए हैं।
शराबबंदी के बाद बढ़ा सूखा नशा
जानकारों का मानना है कि शराबबंदी के बाद राज्य में सूखे नशे का नेटवर्क तेजी से फैल रहा है और युवाओं को इसकी गिरफ्त में लेने के लिए बड़े सिंडिकेट सक्रिय हैं। ऐसे में मोकामा की यह वारदात भी इसी बढ़ते नशे के कारोबार और उससे उपजे अपराध की कड़ी मानी जा रही है।
रविशंकर की रिपोर्ट