BPSC TRE-4: शिक्षक भर्ती के आवेदनों की AI से होगी जांच, फर्जीवाड़ा करने पर इतने साल का लगेगा प्रतिबंध
BPSC TRE-4: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। ...
BPSC TRE-4: बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति प्रक्रिया में गड़बड़ी और फर्जीवाड़े पर लगाम लगाने के लिए सरकार ने सख्त रुख अख्तियार किया है। बीपीएससी की ओर से आयोजित होने वाली टीआरई-4 शिक्षक भर्ती के लिए मिले आवेदनों की अब आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और आधुनिक डिजिटल तकनीक के जरिए बारीकी से पड़ताल होगी। शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रंजन ने इस संबंध में बीपीएससी अध्यक्ष को पत्र लिखकर सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन कराने का निर्देश दिया है। इस कदम का मकसद बहाली प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और भरोसेमंद बनाना है।
निर्देश के मुताबिक, अभ्यर्थियों के शैक्षणिक प्रमाणपत्र, प्रशिक्षण संबंधी दस्तावेज, आवासीय प्रमाणपत्र और आरक्षण से जुड़े कागजात की जांच परीक्षा से पहले कराई जाएगी। तकनीकी पड़ताल के जरिए गलत जानकारी, जाली प्रमाणपत्र और भ्रामक तथ्यों के आधार पर आवेदन करने वालों की पहचान की जाएगी। निर्धारित योग्यता और पात्रता की शर्तें पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन रद्द किए जा सकेंगे। जानबूझकर फर्जीवाड़ा करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कानूनी कार्रवाई भी होगी।
इस मामले में सबसे अहम बात यह है कि जांच में दोषी पाए जाने वाले अभ्यर्थियों पर केवल मौजूदा भर्ती तक कार्रवाई सीमित नहीं रहेगी। ऐसे उम्मीदवारों को बिहार सरकार की किसी भी प्रतियोगी परीक्षा में अगले तीन वर्षों तक शामिल होने से प्रतिबंधित किया जा सकता है। इसके लिए आयोग को संबंधित नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया है।
दरअसल, टीआरई-1, टीआरई-2 और टीआरई-3 की नियुक्तियों में भी आवासीय तथा आरक्षण प्रमाणपत्रों से जुड़ी अनियमितताएं सामने आ चुकी हैं। टीआरई-3 में आरक्षण और दिव्यांगता का अनुचित लाभ लेकर नौकरी हासिल करने वाले करीब डेढ़ दर्जन शिक्षक जांच में पकड़े गए हैं। विभिन्न जिलों में अब भी छानबीन जारी है।
गौरतलब है कि टीआरई-4 के तहत 33,320 पदों पर नियुक्ति के लिए तीन नवंबर तक आवेदन लिए गए थे। इस बहाली में लाखों उम्मीदवारों ने दावेदारी पेश की है।