Bihar Election 2025: चिराग पासावन के जीजा अरुण भारती लड़ेंगे विधानसभा चुनाव ! इस सीट से ठोक सकते हैं ताल
Bihar Election 2025: चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार दो सीटों में से कहीं से ताल ठोक सकते हैं। फिलहाल एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर पेंच फंसा हुआ है।
Bihar Election 2025: बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणाएं हो चुकी है। दो चरणों में विधानसभा चुनाव होना है पहले चरण का मतदान 6 नवंबर को होना है दूसरे चरण का मतदान 11 नवंबर को होना है। पहले चरण के मतदान के लिए कल से नामांकन शुरु होगा। वहीं दूसरी ओर एनडीए और महागठबंधन में अब तक सीट शेयरिंग को लेकर बात नहीं बनी है। महागठबंधन में जहां कांग्रेस, वीआईपी की डिमांड ने टेंशन बढ़ा रखी है तो वहीं दूसरी और केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी और चिराग पासवान भी अपनी डिमांड पर अड़े हुए है। चिराग पासवान सीट शेयरिंग पर लगातार सुर्खियों में रहे हैं। अकसर उनकी पार्टी की ओर से तीखी प्रतिक्रियां दी जा रही है। इसी बीच एक और बड़ी खबर सामने आ रही है।
चिराग अपने जीजा को लड़ाएंगे चुनाव
मिली जानकारी अनुसार लोक जनशक्ति पार्टी(रामविलास) के जमुई सांसद और चिराग पासवान के जीजा अरुण भारती विधानसभा चुनाव लड़ सकते हैं। चिराग पासवान अपने बहनोई को इन दो विधानसभा सीटों से चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी में हैं। बताया जा रहा है कि लोजपा(रा) अपने संगठनात्मक विस्तार की रणनीति पर काम कर रही है। चिराग एक ओर जहां सीट शेयरिंग में अपनी डिमांड पर अड़े हैं तो वहीं दूसरी ओर वो पार्टी को मजबूत करने की कवायद में भी जुटे हैं।
कौन है अरुण भारती
अरुण भारती चिराग पासवान के बहनोई हैं और फिलहाल जमुई से सांसद हैं। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में पहली बार राजनीति में कदम रखा था और उनकी शानदार जीत भी हुई थी। चिराग पासवान ने अपने जीजा को जमुई सीट से चुनाव लड़ाया और खुद हाजीपुर से चुनाव लड़े। अरुण भारती को विधानसभा चुनाव के लिए चिराग पासवान ने लोजपा(रा) का चुनावी प्रभारी भी बनाया है। अरुण भारती अक्सर अपने दिए गए बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में उन्होंने कहा था कि लोजपा(रा) को 45 से 137 सीटों के बीच में सम्मानजनक सीट मिलनी चाहिए।
इन सीटों से ठोक सकते हैं ताल
सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार अरुण भारती को चिराग पासवान विधानसभा चुनाव के मैदान में उतार रहे हैं। चिराग सिकंदरा या राजापाकड़ विधानसभा सीट से जमुई सांसद को चुनावी मैदान में उतार सकते हैं। उन्हें विधानसभा चुनाव में उतारकर पार्टी अपनी संगठनात्मक पकड़ और जनाधार को मजबूत करना चाहती है। हालांकि सूत्रों के अनुसार, एनडीए के भीतर सीट बंटवारे को लेकर अभी सहमति नहीं बनी है। दिल्ली में हाल ही में भाजपा नेताओं और चिराग पासवान के बीच बैठक हुई, जिसमें भाजपा ने 20 से 22 सीटों का प्रस्ताव दिया है, जबकि चिराग 35 सीटों से कम पर तैयार नहीं हैं।
चिराग पासवान की मांग
एलजेपी (रामविलास) ने इसके साथ ही राज्य या केंद्र के उच्च सदन में एक सीट और एक महत्वपूर्ण मंत्रालय की भी मांग रखी है। पार्टी ने अपने प्रभाव वाले जिलों वैशाली, हाजीपुर, समस्तीपुर, खगड़िया और जमुई में 2-2 सीटों की दावेदारी की है, साथ ही गोविंदगंज सीट पर भी दावा ठोका है, जो फिलहाल भाजपा के पास है। स्थिति संभालने के लिए भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, विनोद तावड़े और बिहार प्रभारी मंगल पांडेय चिराग से लगातार बातचीत कर रहे हैं। हालांकि, अंतिम फैसला अब भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व पर निर्भर करेगा।