JEE Main 2025: नए नियम और मॉक टेस्ट लिंक जारी, न्यूमेरिकल के लिए निगेटिव मार्किंग
NTA ने जेईई मेन 2025 के लिए मॉक टेस्ट लिंक जारी कर दिया है। उम्मीदवार एनटीए की वेबसाइट पर जाकर मॉक टेस्ट दे सकते हैं और अतिरिक्त तैयारी के लिए लेक्चर भी देख सकते हैं।
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने जेईई मेन 2025 के लिए मॉक टेस्ट का लिंक सक्रिय कर दिया है। उम्मीदवार अब एनटीए की आधिकारिक वेबसाइट के स्टूडेंट सेक्शन में जाकर मॉक टेस्ट का अभ्यास कर सकते हैं। इसके अलावा, जेईई मेन से संबंधित लेक्चर भी एनटीए की वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। उम्मीदवार यहां क्लिक करें और इन लेक्चर्स का लाभ उठाएं।
परीक्षा पैटर्न में बदलाव: अब न्यूमेरिकल प्रश्नों पर नेगेटिव मार्किंग
एनटीए ने इस बार जेईई मेन परीक्षा के पैटर्न में महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं। जिसके तहत न्यूमेरिकल वैल्यू प्रश्नों पर नेगेटिव मार्किंग होगी। अब न्यूमेरिकल प्रश्नों के गलत उत्तर पर एक अंक काटा जाएगा। यह नियम दोनों पेपरों के सेक्शन बी पर लागू होगा। इसके साथ ही सभी प्रश्न अनिवार्य होंगे। उम्मीदवारों को सेक्शन बी में सभी पांच प्रश्नों के उत्तर देना अनिवार्य होगा। इस बार कोई ऑप्शनल क्वेश्चन नहीं रहेगा। इस बार परीक्षा में कुल 75 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिनमें से हर विषय (भौतिकी, गणित और रसायन विज्ञान) से 25 प्रश्न होंगे। बी आर्क परीक्षा में 82 प्रश्न और बी प्लानिंग परीक्षा में 100 प्रश्न होंगे।
एनसीईआरटी आधारित सवाल
जेईई मेन 2025 के लिए भौतिकी, गणित और रसायन विज्ञान के सवाल 11वीं और 12वीं कक्षा की एनसीईआरटी किताबों पर आधारित होंगे। यह बदलाव छात्रों के लिए एनसीईआरटी की पढ़ाई को और अधिक महत्वपूर्ण बना देता है।
परीक्षा तारीखें और आवेदन प्रक्रिया
जेईई मेन 2025 का आयोजन 22 से 31 जनवरी 2025 के बीच किया जाएगा। आवेदन प्रक्रिया में एआई तकनीक की मदद से स्क्रूटनी की जा रही है, जिससे आवेदन में किसी भी त्रुटि को तुरंत पकड़ा जा सके। एनटीए ने छात्रों को बेहतर तैयारी के लिए मॉक टेस्ट और ऑनलाइन लेक्चर की सुविधा दी है। यह छात्रों को परीक्षा पैटर्न समझने और आत्मविश्वास बढ़ाने में मदद करेगा।