डॉ. जगन्नाथ मिश्र की 85 वीं जयंती पर बड़ा आयोजन, चेतना समिति ने राजधानी पटना में दिखाई ताकत...

पटना. शुक्रवार को विद्यापति भवन में चेतना समिति ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. जगन्नाथ मिश्र की 85 वीं जयंती बड़े धूमधाम से मनायी। इसको लेकर आयोजित समारोह की शुरुआत मिथिला की प्रसिद्ध गोसाउनिक (भगवती) गीत से हुई। इस दौरान समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय और विशिष्ट अतिथि पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. जगन्नाथ मिश्र के तैल चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान अतिथियों को गुलदस्ता, बुके, प्रतीक चिन्ह एवं अंग-वस्त्र से सम्मानित किया गया। डॉ. मिश्र के व्यक्तित्व एवं कृतित्व का वीडियो प्रदर्शन किया गया। इसके बाद अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का प्रारंभ किया।
इस दौरान चेतना समिति के सचिव उमेश मिश्रा ने अपने स्वागत संबोधन में समिति की गतिविधियों का जिक्र करते हुए कहा कि स्व. डॉ. जगन्नाथ मिश्र जब तक जिये तब तक मिथिला एवं मैथिली के उत्थान के लिए कार्य करते रहे। वे मिथिलांचल के यशस्वी सुपुत्र थे। जयंती समारोह के मुख्य अतिथि, बिहार के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने कहा कि डॉ. जगन्नाथ मिश्र जी बिहार के सर्वागीण विकास के लिये सतत् प्रयत्नशील रहे। उनके मुख्यमंत्रित्व काल में संयुक्त बिहार का चहुंओर विकास देखा गया था। विशिष्ट अतिथि, बिहार के पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने डॉ. मिश्र को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए कहा कि वे न सिर्फ मिथिला, बल्कि संपूर्ण बिहार के धरोहर है। उनकी सरकार में बिहार के शिक्षा जगत का काफी विकास हुआ था। वे स्वयं भी एक अर्थशास्त्री थे। उन्होंने अपने कार्यकाल में बिहार की राजकीय आमदनी को काफी बढ़ाया था। इसमें पूर्व मंत्री विनोद नारायण झा, डॉ. रत्नेश्वर मिश्र, संजीव मिश्र आदि ने भी अपने विचार व्यक्त किये।
समारोह के अध्यक्षीय संबोधन में चेतना समिति के अध्यक्ष विवेकानंद झा ने कहा कि डॉ. जगन्नाथ मिश्र जी मैथिली भाषा एवं संस्कृति के विकास के लिए अनवरत सक्रिय प्रयास करते रहे। आज उनकी कमी हम सभी को काफी खलती है। समारोह में बिहार के विभिन्न जिलों से सैकड़ों लोगों ने शिरकत की। समारोह के अंत में धन्यवाद ज्ञापित करते हुए बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं विधायक नीतीश मिश्र ने कहा कि मुझे गर्व है कि मैं अपने बाबूजी की जनसेवा को आगे बढ़ा रहा हूं। उन्होंने इस जयंती समारोह में आये सभी आंगतुकों का आभार व्यक्त किया।