राजद-कांग्रेस के बागी विधायकों को 'नीतीश-सम्राट' ने कर दिया सेट, भाजपा-जेडीयू के 6 नेता भी चखेंगे सत्ता का स्वाद

PATNA: मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य स्तरीय बीस सूत्री समिति का गठन कर राजद-कांग्रेस के बागी विधायकों को भी सेट कर दिया.वहीं, भाजपा और जेडीयू के कई नेताओं को भी सत्ता का सुख लेने का मौका मिला है. इस समिति के अध्यक्ष खुद मुख्यमंत्री होंगे. जबकि कार्यकारी अध्यक्ष डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी बनाए गए हैं. उपाध्यक्ष की कुर्सी जेडीयू के प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा और भाजपा के महामंत्री ललन कुमार मंडल को दी गई है. 

राज्य स्तरीय बीस सूत्री कमेटी में कुल 15 सदस्य होंगे. दोनों उपाध्यक्षों को राज्य मंत्री एवं सभी सदस्यों को राज्य के उप मंत्री का दर्जा दिया गया है. राजद के बगावत कर एनडीए में शामिल हुए राजद-कांग्रेस विधायकों को भी बीस सूत्री कमेटी का सदस्य बनाया गया है. राजद विधायक चेतन आनंद, प्रहलाद यादव, नीलम देवी, संगीता कुमारी, भारत बिंद को सदस्य बनाया गया है. जबकि कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ सौरभ और मुरारी प्रसाद गौतम को भी पाला बदलने का लाभ मिला है. इन्हें भी राज्य स्तरीय कार्यक्रम कार्यान्वयन समिति का मेंबर बनाया गया है.

 वहीं, भाजपा नेता जगन्नाथ ठाकुर और राजेश वर्मा जो पार्टी के प्रदेश महामंत्री हैं, इन्हें भी सदस्य मनोनीत किया गया है. जबकि जदयू नेत्री भारती मेहता और चंदन सिंह भी सदस्य बनाए गए हैं. सभी सदस्यों को उप मंत्री का दर्जा दिया गया है. विधायक या विधान पार्षद सदस्य के रूप में मिलने वाले वेतन, भत्ता एवं सुविधाएं लेते रहेंगे. इससे इतर जो सुविधा होगी वह भी मिलेगा. कैबिनेट सचिवालय की तरफ से जारी अधिसूचना में कहा गया है की अन्य व्यक्तियों का मनोनयन बाद में किया जाएगा. समिति के मनोनीत उपाध्यक्ष एवं सदस्यों का कार्यकाल अधिसूचना जारी होने की तिथि से अगले आदेश तक मान्य होगा