समस्तीपुर में दोहरे हत्याकांड में पुलिस को मिली बड़ी कामयाबी, जदयू के पूर्व विधायक को छपरा से किया गिरफ्तार

SAMASTIPUR : जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। जीआरपी ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी जदयू के पूर्व विधायक रामबालक सिंह को छपरा रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया है। हालाँकि गिरफ्तार होने के बाद पूर्व विधायक ने अपने ऊपर लगे आरोप को सिरे से ख़ारिज किया है।  उन्होंने कहा की घटना के दिन वे मौके पर मौजूद नहीं थे।  इसके बावजूद उन्हें आरोपी बताया जा रहा है।  उन्होंने कहा की कई दिनों से उनके ऊपर राजनीति छोड़ देने का दवाब बनाया जा रहा है।  इसी को लेकर ऐसी साजिश रची गयी है।  

बीते 20 फरवरी को समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर थाना क्षेत्र में हुए चर्चित डबल मर्डर केस में फरार जदयू के पूर्व विधायक रामबालक सिंह को आज नाटकीय ढंग से छपरा जंक्शन पर गिरफ्तार कर लिया गया। दोहरे हत्या  मामले में विभूतिपुर के पूर्व विधायक रामबालक सिंह और उनके भाई सहित छह लोगों के खिलाफ विभूतिपुर थाना में हत्या के बाद नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। विधायक इस मामले में फरार चल रहे थे। लेकिन आज उनके स्वतंत्रता सेनानी एक्सप्रेस में सफर करने की जानकारी रेल पुलिस को मिली और उसके बाद छपरा जंक्शन तो उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

 बताते चलें की 20 फ़रवरी को अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर पूर्व मुखिया और उनके एक सहयोगी को मौत की नींद सुला दिया। हत्या की वारदात को अपराधियों ने उस वक्त अंजाम दिया। जब पूर्व मुखिया अपने सहयोगी के साथ ईंट-भट्ठा चिमनी पर जाने के लिए निकले थे। रास्ते में ही बाइक सवार बदमाशों ने उन्हें घेरकर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। जब तक परिवार के लोग अस्पताल लेकर पहुंचे। तब तक पूर्व मुखिया सुरेंद्र प्रसाद सिंह (50) की मौत हो चुकी थी।

घटना का कारण पूर्व विधायक रामबालक सिंह का एक लड़की के साथ आपत्तिजनक वीडियो रहा है। इस दोहरे हत्याकांड का सफल उद्भेदन करते हुए एसपी विनय तिवारी ने कुछ दिन पहले ही सिंघियाघाट पंचवटी चौक पर प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पत्रकारों से जानकारी साझा की थी। पुलिस के मुताबिक दोहरे हत्याकांड का मुख्य षड्यंत्रकर्ता पूर्व जदयू विधायक रामबालक सिंह और उसके छोटे भाई लालबाबू सिंह है। 

समस्तीपुर से संजीव तरुण की रिपोर्ट