कृषि विधेयक के खिलाफ आंदोलनरत किसानों से मिले राहुल गांधी, कहा- पीएम ने पहले पैर में अब दिल में मारी कुल्हाड़ी

Desk : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष व सांसद राहुल गांधी ने कृषि विधेयक को लेकर एकबार फिर पीएम मोदी पर हमला बोला है। राहुल गांधी ने कहा है कि पीएम ने पहले किसानों के पैर में और अब दिल में कुल्हाड़ी मारा है। दरअसल राहुल गांधी ने आज मंगलवार को प्रदर्शन कर रहे किसानों से बात की। कानून का विरोध करते हुए राहुल ने इसे अंग्रेजों का कानून करार दिया। उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से लड़ाई के लिए महात्मा गांधी ने कई आंदोलन किए, आज महात्मा गांधी जिंदा होते तो इस कानून का विरोध करते। 

कांग्रेस नेता ने कहा कि तीन कृषि किसान और नोटबंदी-जीएसटी में कोई फर्क नहीं है। पहले पैर में कुल्हाड़ी मारी और अब दिल में चोट की। मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए राहुल ने कहा कि इन्हें ये बात समझ नहीं आएगी ये लोग तो अंग्रेजों के साथ खड़े थे। 

वहीं कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने कांग्रेस शासित सभी राज्यों से केंद्र के किसान विरोधी विधान को नकारने वाले कानून पारित करने को कहा है। किसान मजदूर संघर्ष समिति रेल रोको प्रदर्शन करेगी। पंजाब के जालंधर, अमृतसर, टांडा, मुकेरियां और फिरोजपुर में 24 सितंबर से प्रदर्शनकारी रेल की पटरियों पर बैठ हुए हैं। इसके अलावा कांग्रेस की योजना गांधी जयंती के मौके पर बड़ा प्रदर्शन करने की है। वहीं डीएमके अध्यक्ष एमके स्टालिन ने कहा है कि उनकी पार्टी कानून के खिलाफ अदालत का दरवाजा खटखटाएगी। 

बता दें लोकसभा और राज्यसभा से कृषि विधयेक पास हो चुका है। वहीं कृषि विधयेक पास होने के बाद भी इस विधयेक का विरोध किसान संगठन और विपक्ष द्वारा किया जा रहा है। पंजाब में किसान मजदूर संघर्ष समिति के सदस्य कृषि कानून के विरोध में, अमृतसर के देवीदासपुरा गांव में रेलवे ट्रैक पर काले कपड़े पहनकर बैठे हैं। उनके आंदोलन का आज छठवां दिन है।