भाजपा के वरिष्ठ नेता आर के सिन्हा ने CAA लागू करने पर केंद्र सरकार को दी बधाई, कहा- ऐतिहासिक निर्णय लेना था आवश्यक

PATNA: भाजपा के संस्थापक सदस्य एवं पूर्व राज्यसभा सांसद आर के सिन्हा ने सीएए (नागरिकता संशोधन अधिनियम ) को पूरे देश में लागू होने पर अपनी प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा है कि यह एक ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने कहा कि यह बहुत ही आवश्यक था क्योंकि भारत के जो लोग अन्य देशों में रह रहे थे और वहां उनकी स्थिति बहुत खराब थी जिसके कारण वे शरणार्थी भाग कर यहां आ गए थे। कोई मजनू के टीले में रह रहा था , कोई किसी मोनेस्ट्री में रह रहा था या किसी मंदिर में रह रहा या फुटपाथ पर रह रहे थे।

इन सभी को नागरिकता देना बहुत आवश्यक था क्योंकि यह सब हमारे ही लोग थे। इसलिए हम लोगों ने पड़ोसी देशों से शरणार्थी बनकर आने वाले 6 समुदाय के लोग इसमें हिंदू, जैन, बौद्ध, ईसाई भी शामिल है। इनको नागरिकता देने का जो निर्णय किया, इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र भाई मोदी और गृह मंत्री अमित शाह जी बधाई के पात्र हैं। 

उन्होंने कहा कि कुछ लोगों का यह कहना कि मुसलमानों को भी इसमें होना चाहिए था, यह उचित नहीं है। क्योंकि मुसलमान के लिए तो पूरा पाकिस्तान और बांग्लादेश दे दिया हमने। जब ये दो देश दे ही दिया तो उसके बाद अब उनको तो पूरा राष्ट्र मिल गया। जो मुसलमान भारत में रह गए हमने उनको शरणार्थी बनाकर नहीं रखा उन सभी को नागरिकता दी। अब जो लोग पाकिस्तान चले गए, अफगानिस्तान चले गए या बाकी दूसरे देशों में है। उनको हम क्यों कोई तरजीह दें, उनको तो हमें कोई शरण देने की जरूरत ही नहीं है। क्योंकि इस्लामिक देशों की संख्या 50 से ज्यादा है। वे कहीं जाकर शरण ले सकते हैं। 

उन्होंने कहा कि भारत ही ऐसा राष्ट्र है जहां हिंदू, मुस्लिम ,सिक्ख और इसाई सबको बराबर भाव से देखता है। इसलिए हमने सीएए में उन सभी को नागरिकता देने का प्रावधान किया। जो लोग बिना मतलब बखेड़ा खड़ा करते हैं वे नहीं जानते कि हमने तो पहले ही मुसलमानों को इतनी सुविधा दे रखी है जो कि विश्व के किसी भी देश में इतनी सुविधा नहीं है, उन्हें यह जानना बहुत जरूरी है।