रांची के लिए रवाना हुई वंदे भारत, ट्रायल देखने के लिए सुबह-सुबह स्टेशन पर पहुंची भारी भीड़

PATNA : आखिरकार पटना जंक्शन से वंदे भारत के सफर की शुरूआत हो गई। पटना जंक्शन से रांची के लिए वंदे भारत के ट्रायल सफर के लिए रवाना किया गया। इस दौरान ट्रेन के इस सफर का साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ मौजूद रही।

पटना जंक्शन से जैसे ही ट्रेन गया रूट होते हुए रांची के लिए रवाना हुुई, लोगों का उत्साह बढ़ गया। हालांकि ट्रायल के कारण ट्रेन में किसी यात्री को इसमें सफर करने का मौका नहीं मिला।

बता दें कि बिहार की राजधानी पटना से झारखंड की राजधानी रांची को जोड़ने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस पटना जंक्शन से  सुबह 6:55 बजे खुलकर 8:20 बजे गया पहुंचेगी। गया में 10 मिनट के लिए ट्रेन का ठहराव होगा। यहां से 8:30 बजे प्रस्थान कर दोपहर 1:00 बजे रांची पहुंचेगी। यही ट्रेन रांची से दोपहर 2:20 बजे वापसी के लिए खुलेगी और 19:00 बजे गया पहुंचेगी। यहां से 19:10 बजे खुलकर रात 20:25 बजे पटना वापस पहुंचेगी. इस ट्रेन की स्पीड 110 से 130 किलोमीटर प्रति घंटे की होगी। 

महज 6 घंटे में पटना से रांची का सफर

 वंदे भारत एक्सप्रेस से पटना और रांची के बीच का सफर महज 6 घंटे में पूरा हो जाएगा. इसे काफी आरामदायक और अत्याधुनिक भी बनाया गया है। पटना से रांची के बीच 6 स्टेशनों पर इसका ठहराव होगा। ट्रायल रन के बाद माना जा रहा है कि अगले महीने से इसका परिचालन भी शुरू हो सकता है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसे हरी झंडी दिखा सकते हैं।