नीतीश सरकार का ये कैसा ट्रांसफर-पोस्टिंग ? रेंज DIG और जिला SP दोनों एक ही बैच के, 2 जिलों के एसपी को एक महीने बाद ही हटा दिया गया

PATNA:  लोकसभा चुनाव का बिगुल बजने से पहले बड़े पैमाने पर पुलिस-प्रशासनिक अधिकारियों का स्थानांतरण-पदस्थापन किया जा रहा है. नीतीश सरकार ने आज बुधवार को 8 आईपीएस अधिकारियों का ट्रांसफर-पोस्टिंग किया है. इनमें से चार जिलों में नए एसपी जबकि एक जिला में ग्रामीण एसपी की पोस्टिंग की गई है. हालांकि नीतीश सरकार ने वैसे अफसरों का भी तबादला कर दिया है, जिन्हें एक महीना पहले ही पुलिस अधीक्षक के रूप में पोस्टिंग की गई थी. एक रेंज के डीआईजी और उसी रेंज से जुड़े एक जिले के एसपी एक ही बैच के हो गए हैं. एसपी और डीआईजी दोनों 2010 बैच के ही हैं. 

रेज डीआईजी और एसपी दोनों एक ही बैच के...

गृह विभाग ने 8 आईपीएस अधिकारियों को इधर से उधर किया है. 2010 बैच के आईपीएस अधिकारी और होमगार्ड समादेष्टा चंदन कुमार कुशवाहा को खगड़िया का नया एसपी बनाया गया है. खगड़िया जिला बेगूसराय रेंज में आता है. इस रेंज के डीआईजी राशिद जमां हैं. ये भी 2010 बैच के ही आईपीएस अफसर हैं. सरकार ने राशिद जमां को 3 जनवरी 2024 को बेगूसराय रेंज का डीआईजी बनाया था. इस तरह से रेंज डीआईजी के जिम्मे आने वाले खगड़िया एसपी बराबर के हो गए. पद भले ही ऊंचा हो लेकिन एसपी और डीआईजी  का बैच समान हो गया. 

  एक महीने बाद ही सरकार ने हटा दिया....

वहीं, नीतीश सरकार ने दो जिलों के एसपी जिनका कार्यकाल महज एक-दो महीना ही हुआ था. उन्हें भी हटा दिया गया है. पुलिस अधीक्षक वैशाली रवि रंजन कुमार को 3 फरवरी 2024 को हटाकर कार्तिकेय के. शर्मा को वैशाली का नया एसपी बनाया गया था. अब इन्हें भी हटा दिया गया है. कार्तिकेय शर्मा को वैशाली एसपी से हटाकर सहायक पुलिस महानिरीक्षक बिहार विशेष सशष्त्र पुलिस पटना के पद पर पदस्थापित कर दिया गया है. हरकिशोर राय को वैशाली का नया एसपी बनाया गया है. वहीं, अरवल के पुलिस अधीक्षक विद्यासागर को भी एक महीने बाद ही हटा दिया गया. सरकार ने 2016 बैच के आईपीएस अधिकारी विद्या सागर को 26 जनवरी को पुलिस अधीक्षक वितंतु से स्थानांतरित कर अरवल एसपी बनाया था. आज 6 मार्च को उन्हें भी हटा दिया गया. 2011 बैच के आईपीएस अधिकारी राजेन्द्र कुमार भील को अरवल का नया एसपी बनाया गया है.  

बता दें, खगड़िया के पुलिस अधीक्षक सागर कुमार को किशनगंज का पुलिस अधीक्षक बनाया गया है. काम्या मिश्रा की दरभंगा (ग्रामीण) पुलिस अधीक्षक के रूप में पोस्टिंग की गई है. अरवल एसपी रहे विद्यासागर को सहायक राज्य अग्नि सामान पदाधिकारी बिहार बनाया गया है. इसके अलावा किशनगंज के पुलिस अधीक्षक डॉक्टर इनामुल हक मेंगनू को समादेष्टा गृह रक्षा वाहिनी बनाया गया है.