Asian Games में भारत का कमाल! कमलजीत और सुरूची ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम में जीता गोल्ड

कमलजीत और सुरूची ने क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत की पहली सीरीज में 196 अंक बनाए। अब उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर शानदार सफलता हासिल की है .

Asian Games - फोटो : news4nation

Asian Games :  भारतीय निशानेबाज कमलजीत और सुरूची सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एशियन गेम्स में 10 मीटर एयर पिस्टल मिक्स्ड टीम इवेंट में स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया। दोनों ने फाइनल में कुल 484.6 अंक हासिल कर शीर्ष स्थान पर रहते हुए गोल्ड मेडल जीता। यह पदक दोनों निशानेबाजों के लिए व्यक्तिगत स्पर्धा में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद शानदार वापसी भी है।


फाइनल में दक्षिण कोरिया की सुह्योन होंग और गाउन चू की जोड़ी 478.0 अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही और उसे रजत पदक मिला। भारतीय जोड़ी ने कोरियाई टीम पर 6.6 अंकों की बढ़त बनाकर अपना दबदबा कायम रखा। ईरान की टीम ने 415.8 अंकों के साथ कांस्य पदक हासिल किया।


इससे पहले कमलजीत और सुरूची ने क्वालिफिकेशन में भी शानदार प्रदर्शन किया था। भारतीय जोड़ी ने शुरुआत की पहली सीरीज में 196 अंक बनाए। इसके बाद दूसरी सीरीज में 195 अंक जोड़कर कुल स्कोर 391 तक पहुंचाया। तीसरी सीरीज में दोनों ने 196 अंक हासिल किए और कुल स्कोर 587 अंक हो गया। इस दौरान भारतीय जोड़ी ने 29 इनर-10 लगाए और क्वालिफिकेशन में शीर्ष स्थान हासिल करते हुए फाइनल में जगह बनाई।


फाइनल में भी कमलजीत और सुरूची ने शुरुआत से ही अपनी बढ़त बनाए रखी। पहले 10 शॉट के बाद भारतीय जोड़ी 202.4 अंक के साथ तालिका में सबसे ऊपर थी। सुरूची ने शुरुआत 10.4 के शानदार शॉट से की, जबकि कमलजीत ने 9.7 अंक हासिल किए। दूसरे प्रयास में सुरूची ने 10.2 और कमलजीत ने 9.8 अंक बनाए। इसके बाद दोनों ने अपनी लय बरकरार रखी और 101.3 का स्कोर बनाकर अपनी बढ़त कायम रखी। अंत में भारतीय जोड़ी ने 484.6 अंक के साथ स्वर्ण पदक पर कब्जा कर लिया।


यह भारत के लिए 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में आखिरी पदक का मौका था। इससे पहले व्यक्तिगत मुकाबलों में कमलजीत नौवें और सुरूची 26वें स्थान पर रही थीं और दोनों फाइनल में जगह नहीं बना सकी थीं। पुरुष और महिला टीम स्पर्धाओं में भी भारत पदक जीतने में सफल नहीं रहा था। ऐसे में कमलजीत और सुरूची की इस स्वर्णिम जीत ने भारतीय निशानेबाजी अभियान को शानदार अंदाज में मजबूती दी।