Cricket News : विश्वकप विजेता टीम के स्टार बल्लेबाज को कोर्ट ने जारी किया गिरफ़्तारी वारंट, जानिए क्या है पूरा मामला

Cricket News : पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और 1996 वनडे विश्व कप विजेता टीम के स्टार बल्लेबाज अरविंदा डी सिल्वा मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं........पढ़िए आगे

क्रिकेटर को गिरफ़्तारी वारंट - फोटो : SOCIAL MEDIA

N4N DESK : श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर और 1996 वनडे विश्व कप विजेता टीम के स्टार बल्लेबाज अरविंदा डी सिल्वा मुश्किलों में घिरते नजर आ रहे हैं। कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट पासन अमरसेना ने बुधवार को अरविंदा डी सिल्वा और उनकी पत्नी प्रियंगा अनुष्का विजेनायके के खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी किया है। यह अदालती आदेश एक हाई-प्रोफाइल मामले में सुनवाई के दौरान सामने आया, जिसने देश के खेल और प्रशासनिक गलियारों में चर्चा तेज कर दी है।

यह पूरा मामला पूर्व श्रीलंकाई अधिकारी कपिला चंद्रसेना और उनकी पत्नी से जुड़े चर्चित 'एयरबस ट्रांजेक्शन' विवाद से संबंधित है। कपिला चंद्रसेना, जिन्हें इस मामले में मुख्य संदिग्ध के तौर पर नामजद किया गया था, का अब निधन हो चुका है। वहीं, मामले की अन्य आरोपी उनकी पत्नी फिलहाल विदेश में हैं और जमानत पर बाहर चल रही हैं। इस पूरे कानूनी मामले में अरविंदा डी सिल्वा और उनकी पत्नी प्रियंगा अनुष्का विजेनायके ने आरोपी के लिए व्यक्तिगत जमानतदार (Guarantor) के रूप में जिम्मेदारी ली थी।

बुधवार सुबह जब कोलंबो फोर्ट मजिस्ट्रेट कोर्ट में केस की सुनवाई शुरू हुई, तो न तो मामले की मुख्य संदिग्ध (चंद्रसेना की पत्नी) अदालत में उपस्थित हुईं और न ही उनके जमानतदार अरविंदा डी सिल्वा अपनी पत्नी के साथ पहुंचे। आरोपी और जमानतदारों की गैर-मौजूदगी को गंभीरता से लेते हुए मजिस्ट्रेट पासन अमरसेना ने कड़ा रुख अपनाया और दोनों जमानतदारों के खिलाफ तत्काल वारंट जारी करने का आदेश दे दिया।

सुनवाई के दौरान डी सिल्वा के वकील ने कोर्ट के सामने अनुपस्थिति की वजह बताते हुए पक्ष रखा। वकील ने अदालत को सूचित किया कि अरविंदा डी सिल्वा की मां का निधन हो गया है और उनका अंतिम संस्कार बुधवार को ही तय था, जिसके कारण वे कोर्ट में हाजिर नहीं हो सके। इस पर मजिस्ट्रेट ने निर्देश दिया कि इस दावे से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज अदालत में प्रस्तुत किए जाएं और जब वारंट वापस लेने की अर्जी दी जाए, तब इन परिस्थितियों को आधिकारिक तौर पर कोर्ट के संज्ञान में लाया जाए।

गौरतलब है कि 60 वर्षीय अरविंदा डी सिल्वा श्रीलंका क्रिकेट इतिहास के सबसे महान बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। 1996 के वनडे विश्व कप फाइनल में उनके ऐतिहासिक शतक ने श्रीलंका को पहली बार विश्व विजेता बनाया था। अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में उन्होंने 93 टेस्ट मैचों में 20 शतकों के साथ 6,361 रन बनाए और 29 विकेट झटके। वहीं, 308 वनडे मुकाबलों में उन्होंने 11 शतक और 64 अर्धशतक जमाकर 9,284 रन बनाने के साथ-साथ 106 विकेट भी चटकाए हैं।