Hardik Pandya fine: हार्दिक पांड्या पर BCCI का जुर्माना, मैदान पर गुस्से की पड़ी भारी कीमत

Hardik Pandya fine: KKR के खिलाफ मैच में गुस्से में विकेट की बेल्स गिराने पर हार्दिक पांड्या पर BCCI ने जुर्माना लगाया। जानें पूरा मामला।

हार्दिक पांड्या पर जुर्माना- फोटो : social media

Hardik Pandya fine: मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या पर बीसीसीआई ने जुर्माना लगाया है। यह कार्रवाई कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ बुधवार रात ईडन गार्डन्स में खेले गए मैच के दौरान हुई हरकत को लेकर की गई। इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस को चार विकेट से हार का सामना करना पड़ा था।

बीसीसीआई ने हार्दिक पांड्या को आईपीएल आचार संहिता का उल्लंघन करने का दोषी पाया है। उन्होंने आईपीएल कोड ऑफ कंडक्ट के अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया, जो मैच के दौरान क्रिकेट उपकरण, कपड़ों या मैदान के सामान के गलत इस्तेमाल से जुड़ा है। इसके चलते पांड्या पर मैच फीस का 10 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उनके अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट प्वाइंट भी जोड़ा गया है।

कैच छूटने से हुआ गुस्सा

यह घटना कोलकाता नाइट राइडर्स की पारी के 10वें ओवर में हुई। हार्दिक पांड्या गेंदबाजी कर रहे थे। ओवर की चौथी गेंद के बाद वह काफी गुस्से में दिखाई दिए और रन-अप पर लौटते समय उन्होंने विकेट की बेल्स को जोर से गिरा दिया। मैच रेफरी ने इसे आचार संहिता का उल्लंघन माना और उन पर कार्रवाई की गई। बताया जा रहा है कि हार्दिक पांड्या उस समय लगातार हुई गलतियों से नाराज थे। उन्होंने पहले मनीष पांडे को लगातार दो चौके दिए थे। इसके बाद दीपक चाहर और रॉबिन मिन्ज ने बाउंड्री के पास एक आसान कैच छोड़ दिया। यह कैच रोवमैन पॉवेल का था, जो बाद में मैच के अहम खिलाड़ी साबित हुए। दोनों खिलाड़ियों के बीच तालमेल की कमी के कारण कैच छूट गया। पांड्या की गेंद पर पॉवेल का टॉप एज निकला था, लेकिन कैच नहीं हो पाया। उस समय पॉवेल 8 गेंदों में 14 रन बनाकर खेल रहे थे। बाद में उन्होंने 30 गेंदों में 40 रन बनाए, जिसमें चार चौके और दो छक्के शामिल थे।

मनीष पांडे चुने गए प्लेयर ऑफ द मैच

मनीष पांडे ने 33 गेंदों में 45 रन की शानदार पारी खेली और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। हार्दिक पांड्या ने इस मैच में दो ओवर गेंदबाजी की और बिना विकेट लिए 13 रन दिए।केकेआर ने 148 रन का लक्ष्य छह गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया। इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स ने प्लेऑफ की उम्मीदें जिंदा रखीं। दूसरी ओर मुंबई इंडियंस पहले ही टूर्नामेंट से बाहर हो चुकी है और टीम को इस सीजन में नौवीं हार मिली।