MI VS GT: मुंबई इंडियंस की धमाकेदार जीत, गुजरात टाइटंस को 99 रन से हराया, मैच में चमकें तिलक वर्मा

MI VS GT: मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रन से हरा दिया। तिलक वर्मा ने शानदार शतक जड़ा और गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया।

मुंबई इंडियंस की धमाकेदार जीत- फोटो : social media

MI VS GT:  आईपीएल 2026 में मुंबई इंडियंस ने एक शानदार प्रदर्शन करते हुए गुजरात टाइटंस को 99 रन से हरा दिया। यह इस सीजन की अब तक की सबसे बड़ी जीत है। यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया, जहां मुंबई ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 199 रन बनाए। इसके जवाब में गुजरात टाइटंस की टीम लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरी तरह बिखर गई और 100 रन पर ही ऑलआउट हो गई। टीम 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाई।

तिलक वर्मा की शानदार शतकीय पारी

मुंबई की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी। टीम ने 44 रन पर ही अपने 3 विकेट खो दिए थे। ऐसे मुश्किल समय में तिलक वर्मा ने जिम्मेदारी संभाली।तिलक वर्मा ने 45 गेंदों में 101 रन की शानदार पारी खेली और टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया। उनकी इस पारी की बदौलत मुंबई 199 रन बना सकी। इस शतक के साथ तिलक वर्मा ने मुंबई इंडियंस के लिए सबसे तेज शतक लगाने के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली, जो पहले सनथ जयसूर्या के नाम था।

गेंदबाजों का शानदार प्रदर्शन

जब गुजरात की टीम बल्लेबाजी करने उतरी, तो शुरुआत से ही दबाव में आ गई। जसप्रीत बुमराह ने मैच की पहली ही गेंद पर साई सुदर्शन को आउट कर दिया। हार्दिक पांड्या ने भी शुरुआती विकेट लेकर टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। इसके बाद गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेते हुए गुजरात को संभलने का मौका नहीं दिया। अश्वनी कुमार ने बहुत अच्छी गेंदबाजी की। उन्होंने 4 ओवर में सिर्फ 24 रन दिए और 4 विकेट लिए। इसके अलावा अल्लाह गजनफर और मिचेल सैंटनर ने भी 2-2 विकेट लिए।

इस सीजन की सबसे बड़ी जीत

मुंबई इंडियंस की यह 99 रन की जीत आईपीएल 2026 में अब तक की सबसे बड़ी जीत बन गई है। इससे पहले पंजाब किंग्स ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 54 रन से हराया था, जो अब दूसरे नंबर पर चला गया है। यह मुंबई इंडियंस की इस सीजन में 6 मैचों में दूसरी जीत है। इस जीत से टीम का मनोबल जरूर बढ़ेगा और आगे के मैचों में बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद बढ़ गई है।