Pakistan gas: पाकिस्तान में गैस संकट गहराया, LPG सिलेंडर 13,500 रुपये का हुआ; लकड़ी-कोयले पर खाना बना रहे लोग
Pakistan gas: पाकिस्तान के रावलपिंडी में गैस की सीमित सप्लाई और LPG की बढ़ती कीमतों से लोग परेशान हैं। सर्दियों से पहले परिवार लकड़ी, कोयले और केरोसीन से खाना बनाने को मजबूर हैं।
Pakistan gas: पाकिस्तान में प्राकृतिक गैस की सीमित सप्लाई और LPG की बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सर्दियां नजदीक आते ही रावलपिंडी में कई परिवार खाना पकाने के लिए लकड़ी, कोयले और केरोसीन का इस्तेमाल करने लगे हैं। लोग खर्च कम करने के लिए बेकार फर्नीचर की लकड़ी और लकड़ी के बुरादे जैसे सस्ते विकल्प भी अपना रहे हैं।
‘द एक्सप्रेस ट्रिब्यून’ की रिपोर्ट के मुताबिक, रावलपिंडी के कई इलाकों में प्राकृतिक गैस दिन में मुश्किल से छह घंटे मिल रही है। ऐसे में लोगों को खाना पकाने के लिए दूसरे साधनों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। दूसरी ओर, LPG सिलिंडर की कीमतों में बढ़ोतरी ने घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।
LPG सिलिंडर की कीमतों में भारी बढ़ोतरी
रिपोर्ट के अनुसार, एक नया घरेलू LPG सिलिंडर खरीदने के लिए अब लोगों को करीब 13,500 पाकिस्तानी रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जबकि पहले इसकी कीमत लगभग 10,000 रुपये थी। सिलिंडर रिफिल कराने का खर्च भी 3,000 रुपये से बढ़कर 5,000 रुपये तक पहुंच गया है। कमर्शियल सिलिंडर रिफिल कराने की कीमत भी बढ़कर करीब 25,000 पाकिस्तानी रुपये हो गई है। इस बढ़ोतरी के कारण छोटे कारोबारियों और आम परिवारों के लिए LPG का इस्तेमाल करना मुश्किल होता जा रहा है।
लकड़ी और कोयले की कीमतें भी बढ़ीं
गैस की कमी के बीच जलाऊ लकड़ी और कोयले की मांग बढ़ी है। इसके साथ ही इनकी कीमतों में भी इजाफा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, सूखी जलाऊ लकड़ी 1,500 से 1,800 पाकिस्तानी रुपये प्रति मन बिक रही है। सामान्य लकड़ी की कीमत 1,300 से 1,400 रुपये प्रति मन है, जबकि लकड़ी का बुरादा करीब 700 रुपये प्रति मन मिल रहा है। एक फर्नीचर फैक्ट्री के मालिक मुहम्मद फैजान ने बताया कि पहले लकड़ी का कचरा नाला लाई के पास फेंक दिया जाता था। अब लोग इसे इकट्ठा कर खाना पकाने के लिए इस्तेमाल कर रहे हैं।
सरकारी कर्मचारी भी लकड़ी और कोयले का सहारा ले रहे
ऑल-पाकिस्तान क्लर्क्स एसोसिएशन के डिविजनल प्रेसिडेंट शहजाद मंजूर कियानी के मुताबिक, महंगाई और गैस की अनियमित सप्लाई के कारण सरकारी कर्मचारी भी लकड़ी और कोयले का इस्तेमाल करने को मजबूर हैं। उन्होंने बताया कि कई परिवारों को LPG पर हर महीने 10,000 से 12,000 पाकिस्तानी रुपये तक खर्च करने पड़ रहे हैं।
नवंबर में LPG की आधिकारिक कीमत भी बढ़ी
पाकिस्तान में LPG की सप्लाई पर दबाव के बीच ऑयल एंड गैस रेगुलेटरी अथॉरिटी (OGRA) ने नवंबर के लिए इसकी आधिकारिक कीमत बढ़ा दी है। रिपोर्ट के अनुसार, LPG की कीमत अक्टूबर में 2,79,341 पाकिस्तानी रुपये प्रति टन थी, जो नवंबर में बढ़कर 2,94,075 रुपये प्रति टन हो गई। इस बढ़ोतरी के बाद 11.8 किलोग्राम वाले घरेलू सिलिंडर की आधिकारिक कीमत में 173 पाकिस्तानी रुपये का इजाफा हुआ है। अब इसकी कीमत 3,470 पाकिस्तानी रुपये बताई गई है। इसके साथ ही आधिकारिक खुदरा दर 294 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई है।
हालांकि, खुले बाजार में LPG इससे कहीं महंगी बिक रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, कुछ जगहों पर इसकी कीमत 630 पाकिस्तानी रुपये प्रति किलोग्राम तक पहुंच गई है, जबकि कंपनियों की फ्रेंचाइजी करीब 400 रुपये प्रति किलोग्राम वसूल रही हैं। गैस की सीमित सप्लाई और LPG की बढ़ती कीमतों के कारण रावलपिंडी के परिवारों को खाना पकाने के लिए फिर पुराने साधनों की ओर लौटना पड़ रहा है। सर्दियों से पहले यह संकट आम लोगों के घरेलू खर्च को और बढ़ा रहा है।