भारत में लॉकडाउन लगाने पर मोदी सरकार का बड़ा फैसला, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी का स्पष्ट संदेश

मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में जरूरी सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहे।

Lockdown in India
Lockdown in India - फोटो : news4nation

Lockdown in India :  पश्चिम एशिया में जारी तनाव के बीच एलपीजी आपूर्ति को लेकर पैदा हुई चिंताओं पर केंद्र सरकार ने स्थिति स्पष्ट कर दी है। पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने देश में लॉकडाउन लगाए जाने की खबरों को पूरी तरह निराधार बताया है।


शुक्रवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जारी बयान में उन्होंने कहा कि भारत में लॉकडाउन को लेकर फैल रही अफवाहें पूरी तरह झूठी हैं और सरकार ऐसे किसी प्रस्ताव पर विचार नहीं कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार के पास ईंधन, ऊर्जा और अन्य आवश्यक वस्तुओं की पर्याप्त आपूर्ति उपलब्ध है।


मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार यह सुनिश्चित कर रही है कि देश में जरूरी सप्लाई बिना किसी रुकावट के जारी रहे। साथ ही, संभावित चुनौतियों से निपटने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।


हरदीप सिंह पुरी ने यह भी कहा कि भारत ने पहले भी वैश्विक अनिश्चितताओं के समय मजबूती दिखाई है और आगे भी समय पर और समन्वित प्रयास जारी रखे जाएंगे। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे शांत रहें और किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें, क्योंकि ऐसी खबरें गैर-जिम्मेदाराना होने के साथ नुकसानदायक भी हो सकती हैं।