मुजफ्फरपुर में अब सड़क पर गिट्टी-बालू गिराना पड़ेगा महंगा, प्रशासन ने जारी किया सख्त आदेश
शहर में अक्सर लोग और निर्माण एजेंसियां सड़क किनारे ही गिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री गिरा देते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है और आवागमन प्रभावित होता है।
Bihar News : मुजफ्फरपुर में शहर में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और सड़क जाम की समस्या को देखते हुए जिला प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। अब सड़क किनारे या सरकारी जमीन पर बिना अनुमति गिट्टी-बालू गिराना महंगा पड़ सकता है। ऐसा करने वालों के खिलाफ प्रशासन नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करेगा।
दरअसल, शहर में अक्सर लोग और निर्माण एजेंसियां सड़क किनारे ही गिट्टी, बालू और अन्य निर्माण सामग्री गिरा देते हैं। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा अवरुद्ध हो जाता है और आवागमन प्रभावित होता है। कई जगहों पर इसके कारण जाम की स्थिति बनती है, वहीं दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। एक ओर शहर ट्रैफिक के बढ़ते दबाव से जूझ रहा है, तो दूसरी ओर सड़क किनारे निर्माण सामग्री जमा करने से समस्या और गंभीर हो रही है।
इस स्थिति को देखते हुए अनुमंडल पदाधिकारी पूर्वी आनंद उत्सव ने आदेश जारी किया है। आदेश में स्पष्ट किया गया है कि प्रशासन की अनुमति के बिना सड़क किनारे अथवा सरकारी जमीन पर गिट्टी-बालू गिराना अवैध अतिक्रमण माना जाएगा। ऐसा करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। इस आदेश का उद्देश्य सड़कों को अतिक्रमण मुक्त रखना, शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाना और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।
मणिभूषण की रिपोर्ट