राहुल राज और बंशीधर बृजवासी की जा सकती है MLC सदस्यता! सभापति रामवचन राय ने दिए बड़े संकेत

, राहुल राज और बंशीधर बृजवासी विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीतकर आए थे। चुनाव के बाद दोनों की बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई थीं।

विधान परिषद के सभापति रामवचन राय
विधान परिषद के सभापति रामवचन राय - फोटो : news4nation

Bihar MLC :  बिहार विधान परिषद के निर्दलीय सदस्य राहुल राज और बंशीधर बृजवासी की सदस्यता पर एक बार फिर तलवार लटकती नजर आ रही है। दोनों की सदस्यता रद्द किए जाने की मांग को लेकर बिहार विधान परिषद के सभापति रामवचन राय ने शुक्रवार को बड़ा बयान दिया है। उन्होंने संकेत दिया है कि यदि दोनों सदस्यों के खिलाफ दोबारा नियमानुसार आवेदन आता है तो उस पर विचार किया जा सकता है। सभापति के इस बयान के बाद दोनों विधान पार्षदों की मुश्किलें बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।


दरअसल, राहुल राज और बंशीधर बृजवासी विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीतकर आए थे। चुनाव के बाद दोनों की बीजेपी नेताओं के साथ तस्वीरें सामने आई थीं। उनकी बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से मुलाकात तथा पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रियता को लेकर राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। इसके बाद दोनों पर बीजेपी के साथ जुड़ने के आरोप लगे। हालांकि, दोनों ने बीजेपी में औपचारिक रूप से शामिल होने की बात से इनकार किया था। बीजेपी की ओर से भी कहा गया था कि दोनों ने पार्टी को समर्थन दिया है।


इसी मामले को लेकर राजद और विपक्ष ने दोनों की सदस्यता रद्द करने की मांग उठाई थी। नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने 17 नवंबर को सभापति रामवचन राय से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा था। जन सुराज की ओर से भी इस मामले में आवेदन दिया गया था। विपक्ष का तर्क था कि निर्दलीय निर्वाचित होने के बाद किसी राजनीतिक दल के पक्ष में उनकी गतिविधियां दल-बदल कानून के दायरे में आ सकती हैं।


हालांकि, सभापति ने बताया कि पहले मिले आवेदन नियमानुसार नहीं थे, इसलिए उन्हें खारिज कर दिया गया। उनसे जब पूछा गया कि क्या दोबारा आवेदन आने पर इस मामले को देखा जाएगा, तो उन्होंने कहा कि आवेदन आने पर उस पर विचार किया जा सकता है।


सभापति के इस बयान से साफ है कि निर्धारित प्रक्रिया के तहत नया आवेदन आने पर दोनों की सदस्यता का मामला फिर से खुल सकता है। ऐसे में अब निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि विपक्ष दोबारा आवेदन देता है या नहीं और सभापति के समक्ष इस बार क्या कानूनी आधार रखे जाते हैं।

अभिजीत की रिपोर्ट