Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर की दूसरी प्राण प्रतिष्ठा आज, पहली आरती में भाग लेंगे सीएम योगी, 12 बजे होगी महाआरती, घर बैठे ऐसे कर सकेंगे दर्शन

Ayodhya Ram Mandir: अयोध्या राम मंदिर की आज दूसरी प्राण प्रतिष्ठा होगी। वहीं आज सीएम योगी का 53वां जन्मदिन भी है। ऐसे में सीएम योगी के लिए यह दिन खास माना जा रहा है। सीएम योगी राम मंदिर पहुंचेंगे।

राम मंदिर
राम मंदिर की दूसरी प्राण प्रतिष्ठा आज - फोटो : social media

Ayodhya Ram Mandir: राम मंदिर में भगवान रामलला की मूर्ति की पहली प्राण प्रतिष्ठा के करीब डेढ़ साल बाद एक बार फिर धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला के तहत गुरुवार को राम दरबार समेत मुख्य मंदिर के सातों देवालयों में दूसरी बार प्राण प्रतिष्ठा हो रही है। इस आयोजन के जरिए राम मंदिर के प्रथम तल पर स्थापित होने जा रहे राम दरबार के साथ ही अन्य देव विग्रहों को विधिवत प्राण-प्रतिष्ठित किया जाएगा।

101 आचार्य प्राण-प्रतिष्ठा में होंगे शामिल 

गंगा दशहरा के पावन अवसर पर यह आयोजन शुभ अभिजीत मुहूर्त में पूर्वाह्न 11:30 बजे से मध्याह्न 12 बजे के बीच होगा। राम दरबार में भगवान राम को राजा स्वरूप में माता सीता, हनुमान और अपने तीनों भाइयों के साथ विराजमान किया जाएगा। इस बार की प्राण प्रतिष्ठा विशेष रूप से धार्मिक अनुष्ठानों पर केंद्रित है। जिसमें देशभर से आए 101 आचार्य शामिल हो रहे हैं।

तीन दिवसीय कार्यक्रम का समापन आज 

मुख्य मंदिर के परकोटे में बने सात अन्य मंदिरों में भी गुरुवार को ही प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी। इसके साथ ही तीन दिवसीय धार्मिक अनुष्ठान की पूर्णाहुति होगी। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ विशेष रूप से मौजूद रहेंगे और भगवान का नेत्रोन्मिलन कराकर पहली आरती में भाग लेंगे।

इस बार सीमित आमंत्रण, सादगी से आयोजन

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने स्पष्ट किया है कि इस बार का कार्यक्रम सीमित स्तर पर रखा गया है। पिछली बार जहां देश-दुनिया से हजारों राम भक्तों को आमंत्रित किया गया था, वहीं इस बार सिर्फ करीब एक हजार विशिष्ट अतिथियों को ही आमंत्रण दिया गया है। आम श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे “प्राण प्रतिष्ठा” शब्द सुनकर अयोध्या न पहुंचें। राम दरबार और परकोटे में बने नए मंदिरों का दर्शन फिलहाल आम श्रद्धालुओं के लिए उपलब्ध नहीं रहेगा।

सीएम योगी का जन्मदिन भी आज

गुरुवार को ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 53वां जन्मदिन भी है। ट्रस्ट के अनुसार, इस अवसर पर कोई विशेष सार्वजनिक समारोह नहीं होगा, बल्कि पूरा ध्यान धार्मिक अनुष्ठानों पर रहेगा। योगी आदित्यनाथ को एक संत के रूप में विशेष आमंत्रण भेजा गया है।

स्वर्ण आभूषणों से सजेंगे राजा राम और माता सीता

प्रथम तल पर स्थापित राम दरबार में भगवान राम और माता सीता को पूरी राजसी भव्यता के साथ विराजमान किया जाएगा। इनके लिए विशेष रूप से बनाए गए हीरे-मोती जड़ित स्वर्ण आभूषण बुधवार को मंदिर पहुंच चुके हैं। इनमें भगवान राम के मुकुट, कंठहार, कंगन, करधनी, ब्रेसलेट समेत माता सीता के आभूषण और अन्य देवी-देवताओं के आयुध शामिल हैं।

12बजे होगी महाआरती 

इन स्वर्ण आभूषणों को गुजरात के श्रद्धालु दिलीप भाई राखी ने श्रद्धा से समर्पित किया है। निर्माण कार्य अहमदाबाद के छह कुशल कारीगरों ने दस दिन की मेहनत से पूरा किया। आभूषणों को विहिप पदाधिकारियों द्वारा सुरक्षा के साथ अयोध्या पहुंचाया गया। राम दरबार के प्राण प्रतिष्ठा उपरांत दोपहर 12 बजे की महाआरती का सीधा प्रसारण दूरदर्शन और विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर किया जाएगा, ताकि देश-विदेश में बसे राम भक्त इस ऐतिहासिक क्षण के साक्षी बन सकें।