Ram Navami 2025: अयोध्या में धूमधाम से मनाई जाएगी रामनवमी, रामलला का होगा सूर्यतिलक, तैयारी में जुटे सीबीआरआई के वैज्ञानिक
Ram Navami 2025: राम मंदिर परिसर को विद्युत दीपमालाओं से आकर्षक तरीके से सजाया गया है। वहीं, सुग्रीव किला और अंगद टीला पर आर्टिफिशियल फूलों से भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया गया है

Ram Navami 2025: अयोध्या में श्रीराम नवमी महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इस बार भी रामनवमी पर भव्य आयोजन किया जाएगा। दरअसल, वर्ष प्रतिपदा के साथ अयोध्या में श्रीराम नवमी महोत्सव का शुभारंभ हो गया है। इस पावन अवसर पर राम मंदिर में कलश स्थापना के साथ वाल्मीकि रामायण और श्रीराम चरित मानस का नवाह्न पारायण विधिवत रूप से शुरू हो गया है। साथ ही श्रीराम मंत्र से आहुतियां देने का क्रम भी प्रारंभ हो चुका है।
सजाया गया राम मंदिर परिसर
राम मंदिर परिसर को विद्युत दीपमालाओं से आकर्षक तरीके से सजाया गया है। वहीं, सुग्रीव किला और अंगद टीला पर आर्टिफिशियल फूलों से भव्य प्रवेश द्वार का निर्माण किया गया है, जो श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है।
रामनवमी पर सूर्य किरणों से अभिषेक की तैयारी पूरी
रामनवमी के अवसर पर रामलला के मस्तक पर सूर्य किरणों से तिलक की तैयारी भी पूरी कर ली गई है। इस कार्य में केंद्रीय भवन अनुसंधान संस्थान (सीबीआरआई) के वैज्ञानिकों की टीम जुटी हुई है। टीम के वैज्ञानिक अयोध्या में डेरा डाले हुए हैं और नवमी तिथि से पूर्व किसी भी दिन परीक्षण करने की योजना है।
12 बजे होगा सूर्य तिलक
सोमवार को मध्याह्न 12 बजे परीक्षण की योजना थी। जो कि सफल रही। हालांकि, रविवार को एक मिनट के लिए परीक्षण होने की चर्चा है लेकिन इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। तीर्थ क्षेत्र महासचिव ने बताया कि राम नवमी के दिन ठीक 12 बजे से चार मिनट तक सूर्य किरणों से रामलला के मस्तक पर तिलक होगा।
धार्मिक अनुष्ठानों का शुभारंभ
राम मंदिर में अनुष्ठान के तहत तीन-तीन घंटे के अंतराल पर अलग-अलग वाल्मीकि रामायण और श्रीराम चरित मानस का पाठ प्रारंभ किया गया है। इसके साथ ही, श्रीराम मंत्र के जप के साथ आहुतियां भी दी जा रही हैं। चैत्र नवरात्र के आठ दिनों में एक लाख आहुतियां देने का संकल्प लिया गया है। इसके अतिरिक्त, अयोध्या के मंदिरों में परंपरागत रूप से प्रतिदिन सायंकाल के समय अवधी में बधाई गान का भी आयोजन शुरू हो गया है। श्रद्धालुओं में महोत्सव को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।