Bihar Crime: ​आरा में आपसी विवाद में लाठी-डंडों से पिटाई! युवक की मौत, इलाके में सनसनी

Bihar Crime: ​तीयर थाना क्षेत्र के उत्तरदाहा गांव में आपसी विवाद में मजदूर युवक की लाठी-डंडों से पीटकर हत्या, पुलिस जांच में जुटी।

Bihar Crime
आपसी विवाद में युवक की पीट-पीटकर हत्या- फोटो : news4nation

Bihar Crime:  आरा भोजपुर के तीयर थाना क्षेत्र के उत्तरदाहा गांव में एक छोटा सा आपसी विवाद उस समय खौफनाक रूप ले लिया, जब कुछ लोगों ने एक युवक की लाठी और डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद पूरे गांव और आसपास के इलाके में डर और तनाव का माहौल बन गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरदाहा गांव में कुछ लोगों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। शुरू में यह विवाद मामूली लग रहा था, लेकिन देखते ही देखते मामला बिगड़ गया। गुस्से में आए लोगों ने मदन सिंह के पुत्र गुड्डू सिंह पर लाठी और डंडों से हमला कर दिया। हमला इतना बेरहमी से किया गया कि गुड्डू सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय लोगों ने घायल अवस्था में गुड्डू सिंह को बचाने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। गुड्डू सिंह मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे। उनकी मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है और घर के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही तीयर थाना की पुलिस सक्रिय हो गई। सर्किल इंस्पेक्टर और जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव में पहुंचकर स्थिति को संभाला और लोगों को शांत कराया। ताकि कोई और अप्रिय घटना न हो सके।

पुलिस ने मृतक के शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान की जा रही है।जगदीशपुर एसडीपीओ राजेश कुमार शर्मा ने कहा कि यह एक गंभीर मामला है। दोषियों को किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना के बाद गांव में भय का माहौल है। लोग चाहते हैं कि दोषियों को जल्द सजा मिले, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। प्रशासन ने भी लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है।

आरा से आशीष की रिपोर्ट