Bihar School Holiday: जीउतिया की छुट्टी पर बड़ा फैसला, 5 अक्टूबर का अवकाश रद्द, 3 अक्टूबर को स्कूल बंद करने का शिक्षा मंत्री का आदेश

Bihar School Holiday: बिहार में जीउतिया व्रत की छुट्टी को लेकर महिला शिक्षिकाओं की मांग के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ा बदलाव किया है।

Bihar Shifts Jitiya Holiday to Oct 3 Oct 5 Leave Cancelled

Bihar School Holiday: बिहार में जीउतिया यानी जीवित्पुत्रिका व्रत की छुट्टी को लेकर महिला शिक्षिकाओं की मांग के बाद शिक्षा विभाग ने बड़ा बदलाव किया है। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी के निर्देश पर अब 5 अक्टूबर के बजाय 3 अक्टूबर को जीवित्पुत्रिका व्रत का अवकाश दिए जाने की बात सामने आई है। इसके साथ ही 5 अक्टूबर की प्रस्तावित छुट्टी को निरस्त किया गया है।

दरअसल, बिहार के शिक्षा विभाग की 2026 की अवकाश तालिका में जीवित्पुत्रिका व्रत की छुट्टी 5 अक्टूबर निर्धारित की गई थी। इसे लेकर महिला शिक्षिकाओं में असमंजस और नाराजगी थी, क्योंकि पर्व से जुड़ी तैयारियों और व्रत को लेकर छुट्टी की तारीख बदलने की मांग लगातार उठ रही थी।

महिला शिक्षिकाओं का कहना था कि जीउतिया महिलाओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण पर्व है। संतान की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए महिलाएं कठिन व्रत रखती हैं। ऐसे में पर्व के आसपास स्कूल में ड्यूटी करना उनके लिए परेशानी का सबब बन सकता है।इसी मांग को लेकर शिक्षकों की ओर से शिक्षा विभाग को आवेदन भी भेजा गया था। 

अब शिक्षा मंत्री की ओर से छुट्टी की तारीख में बदलाव के आदेश की खबर से महिला शिक्षिकाओं को राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि, जितिया की तिथि को लेकर पंचांगों में क्षेत्रीय अंतर भी सामने आ रहा है। कुछ पंचांग परंपराओं में 3 अक्टूबर को नहाय-खाय, 4 अक्टूबर को मुख्य निर्जला व्रत और 5 अक्टूबर को पारण बताया गया है।ऐसे में शिक्षा विभाग के आदेश के बाद छुट्टी के कैलेंडर में संशोधन को लेकर स्थिति साफ होने की उम्मीद है। महिला शिक्षिकाओं की मांग के बाद लिया गया यह फैसला स्कूलों की छुट्टी व्यवस्था में महत्वपूर्ण बदलाव माना जा रहा है।