सदर अस्पताल में दलाली का जाल बेनकाब, दो महिला बिचौलिया गिरफ्तार, मचा हड़कंप

Bihar Crime: सदर अस्पताल एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह इलाज नहीं, बल्कि दलाली का धंधा है।....

Broker Racket Exposed at Sadar Hospital Two Women Held
सदर अस्पताल में दलाली का जाल बेनकाब- फोटो : reporter

Bihar Crime: सदर अस्पताल  एक बार फिर सुर्खियों में है। इस बार वजह इलाज नहीं, बल्कि दलाली का धंधा है। अस्पताल परिसर में चल रहे कथित अवैध खेल का पर्दाफाश तब हुआ, जब निरीक्षण के दौरान दो महिलाओं फूल कुमारी और नंदनी कुमारी को संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाया गया। अस्पताल प्रबंधन ने दोनों को दबोच कर पुलिस के हवाले कर दिया।

सूत्रों के मुताबिक, ये दोनों महिलाएं मरीजों और उनके परिजनों को बहला-फुसलाकर निजी अस्पतालों में रेफर कराने का काम करती थीं। आरोप है कि इलाज के नाम पर ‘सौदेबाजी’ होती थी और कमीशनखोरी का यह खेल अस्पताल की चौखट पर ही खेला जा रहा था। निरीक्षण टीम को भनक लगी तो मौके पर ही पूछताछ शुरू हुई। जांच में प्रथम दृष्टया दलाली की गतिविधियों की पुष्टि होने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाया।

कार्रवाई के तहत दोनों महिलाओं को पकड़कर नगर थाना आरा को सौंप दिया गया। थाने में एफआईआर दर्ज कर विधि-सम्मत कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की तह तक जाने की तैयारी में है आखिर यह खेल कब से चल रहा था और इसमें कौन-कौन शामिल है?

घटना के बाद अस्पताल परिसर में अफरातफरी का माहौल है। सवाल उठ रहे हैं कि इतनी सुरक्षा और निगरानी के बावजूद यह ‘बिचौलिया रैकेट’ कैसे फल-फूल रहा था? क्या निजी अस्पतालों से सांठगांठ का कोई बड़ा गिरोह सक्रिय है?

अस्पताल प्रबंधन एक बार फिर कटघरे में है। मरीजों की मजबूरी को मुनाफे में बदलने वाले इस गोरखधंधे ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर दाग लगा दिया है। फिलहाल पुलिस छानबीन में जुटी है और जांच के बाद कई और नाम सामने आने की आशंका जताई जा रही है। आरा के सदर अस्पताल में ‘इलाज’ के साथ चल रहे इस खेल ने सिस्टम की पोल खोल दी है।

रिपोर्ट- आशीष कुमार