Bihar News : बड़हरा में दिव्यांगों के बीच पहुंचे जदयू नेता छोटू सिंह, 5 सौ से अधिक लाभार्थियों के बीच व्हीलचेयर और श्रवण यंत्र किया वितरण

Bihar News : बड़हरा में दिव्यांगों के बीच पहुंचे जदयू नेता छ
दिव्यान्गों की मदद - फोटो : SOCIAL MEDIA

ARA : बड़हरा प्रखंड की नरगदा पंचायत स्थित पंचायत सरकार भवन (पोरहा नूरपुर) के परिसर में मंगलवार को दिव्यांगजनों के लिए एक विशेष सहायता वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय (भारत सरकार) के अधीन ‘आसरा भोजपुर’ द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में क्षेत्र के विभिन्न गांवों से आए करीब 500 दिव्यांग लाभार्थियों को सहायक उपकरण प्रदान किए गए।

मुख्य अतिथि ने बांटे उपकरण

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि और राज्य नागरिक परिषद के महासचिव अरविंद कुमार सिंह उर्फ छोटू सिंह ने दीप प्रज्वलित कर समारोह की शुरुआत की। उन्होंने अपने हाथों से लाभार्थियों के बीच व्हीलचेयर, कमोड चेयर, वॉकर, श्रवण यंत्र (कान की मशीन), छड़ी, कमर बेल्ट और घुटना बेल्ट जैसे आवश्यक उपकरणों का वितरण किया। उपकरण पाकर दिव्यांगों के चेहरे खिल उठे।

सरकार की उपलब्धियों का किया बखान

सभा को संबोधित करते हुए छोटू सिंह ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार और बिहार की नीतीश सरकार दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। उन्होंने कहा की मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार ने सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में कीर्तिमान स्थापित किए हैं। सात निश्चय योजना और पंचायत स्तर पर बने बुनियादी ढांचों ने गांवों की तस्वीर बदल दी है। वृद्धा एवं दिव्यांग पेंशन योजनाओं से समाज के अंतिम व्यक्ति को संबल मिला है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में चल रही सरकार की बदौलत बीस वर्षों में बिहार का बजट 22 हज़ार करोड़ से बढ़कर 3.47 लाख करोड़ हो गया है। 

समारोह में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्थानीय मुखिया नीता देवी ने की, जबकि मंच संचालन पूर्व पंचायत समिति सदस्य संतोष कुमार तिवारी ने किया। इस सेवा कार्य को सफल बनाने में 'आसरा' संस्था के शुभम कुमार, हितेन कुमार और अंशु कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर जितेंद्र सिंह, राजू सिंह, चंदन सिंह, धर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में मुखिया नीता देवी ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया और दिव्यांगों से सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।