Bihar News: माँ की गोद सूनी रह गई, पेट में फंसे रहे बच्चे ने भी तोड़ा दम ,अस्पताल की लापरवाही ने ली दो-दो जानें
Bihar News: आरा से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जहां अस्पताल की लापरवाही से जच्चा बच्चा की जान चली गई है। इस घटना के बाद परिजनों ने जमकर बवाल काटा। परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाया है।

Bihar News: आरा जिले के सिन्हा थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव स्थित एडिशनल पीएचसी में बुधवार की सुबह प्रसव के दौरान जच्चा व बच्चा की मौत हो गई। जच्चा व बच्चा की मौत होने के बाद उसके परिजनों गुस्सा भड़क उठा। जिसके बाद परिजन द्वारा एडिशनल पीएचसी में जमकर हंगामा किया। हंगामा को लेकर एडिशनल पीएससी में लोगों के बीच काफी देर तक अफरा-तफरी मची। जिसके बाद वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों एवं अन्य लोगों द्वारा समझा बूझकर उनके परिजनों को शांत कराया गया।
प्रसव के दौरान जच्चा बच्चा की मौत
जानकारी अनुसार मृतका सिन्हा थाना क्षेत्र के नूरपुर गांव निवासी नरेश कुमार की 24 वर्षीया पत्नी प्रमिला देवी है। इधर मृतका की चचेरी ननद यशोदा देवी ने बताया कि वह गर्भवती थी और बुधवार की सुबह उसे काफी तेज दर्द होने लगी। जिसके बाद परिजन द्वारा उसे इलाज के लिए गजियापुर गांव स्थित एडिशनल पीएससी ले जाया गया। वहां पर मौजूद महिला चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ द्वारा उसे देखा गया और कहा गया कि इसे तुरंत प्रसव होने वाला है अंदर लेकर चलो। इसके बाद उसे नर्सिंग स्टाफ द्वारा बेड पर लेटा दिया गया और प्रसव के दौरान खींचातानी की जाने लगी।
अस्पताल की लापरवाही ने ली जान
तभी उसका दर्द बढ़ गया और उसकी हालत काफी बिगड़ हो गई। इसके बाद उनके द्वारा कई सुई भी दी गई। लेकिन उसकी हालत में कोई सुधार न हुआ। जिसके बाद परिजन उसे वहां से वापस आरा सदर अस्पताल ला रहे थे। तभी उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। बावजूद इसके परिजन अपनी संतुष्टि को लेकर उसे आरा सदर अस्पताल के लेबर वार्ड ले आए। जहां महिला चिकित्सक द्वारा देखा उसे मृत घोषित कर दिया गया। जिसके बाद परिजन अपनी स्वेच्छा से शव का बिना पोस्टमार्टम कारए ही वापस गांव ले गए।
परिजनों ने लगाया आरोप
वहीं दूसरी तरफ मृतका की चचेरी ननद यशोदा देवी ने गजियापुर एडिशनल पीएससी में मौजूद महिला चिकित्सक व नर्सिंग स्टाफ पर प्रसव के दौरान खींचातानी करने व लापरवाही बरतने के कारण अपनी भाभी की मौत होने का आरोप लगाया है। बहरहाल पुलिस अपने स्तर से मामले की छानबीन कर रही है। बताया जाता है की मृतका की शादी 8 वर्ष पूर्व हुई थी। उसे एक पुत्र अंकित एवं एक पुत्री निशा है। घटना के बाद मृतका के घर में कोहराम मच गया है।इस घटना के बाद मृतका के परिवार के सभी सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आरा से आशीष की रिपोर्ट