पिज्जा बना काल! 10वीं के छात्र की मौत के बाद कोहराम, फूड पॉइजनिंग की आशंका
Bihar News: भोजपुर में संदिग्ध हालत में 15 साल के लड़के की मौत हो गई। पिज्जा खाने के बाद गुरुवार देर शाम बाजार से घर लौटा था। इसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। सदर अस्पताल लाने के दौरान रास्ते में दम तोड़ दिया।
बिहार के भोजपुर जिले के बिहिया थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बिहिया नगर ब्लॉक रोड निवासी शिक्षक विनय कुमार केसरी के 15 वर्षीय पुत्र, बलवीर विनय की शुक्रवार (06 फरवरी, 2026) की सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बलवीर ने गुरुवार की रात बाजार से पिज्जा खाया था, जिसके बाद उसकी तबीयत अचानक खराब हो गई। वह दसवीं कक्षा का छात्र था और इस साल अपनी बोर्ड परीक्षा देने की तैयारी कर रहा था, लेकिन इस हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

फूड पॉइजनिंग की आशंका: रात भर झेली तड़प
परिजनों के मुताबिक, पिज्जा खाने के कुछ ही घंटों बाद देर रात बलवीर को तेज दस्त शुरू हो गए। शुक्रवार तड़के करीब 4 बजे तक उसकी हालत इतनी बिगड़ गई कि वह चलने-फिरने में भी असमर्थ होकर गिर पड़ा। आनन-फानन में उसे बिहिया पीएचसी ले जाया गया, जहाँ प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे आरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। दुर्भाग्यवश, अस्पताल ले जाने के रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शुरुआती जांच में डॉक्टरों ने 'फूड पॉइजनिंग' को मौत की संभावित वजह बताया है।
जांच में जुटी पुलिस: पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
बलवीर के पिता ने बताया कि वह बक्सर से लौटकर आए थे, तभी उन्हें इस अनहोनी का पता चला। घटना की जानकारी मिलते ही टाउन थाना पुलिस ने आरा सदर अस्पताल पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम कराया। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि जिस दुकान से पिज्जा खरीदा गया था, वहां के खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता क्या थी। फिलहाल, मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो पाएगा, जिसका पुलिस और परिजन इंतजार कर रहे हैं।