औरंगाबाद: दाउदनगर में पटना कैनाल नहर से 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद, इलाके में सनसनी

औरंगाबाद के दाउदनगर में नहर रोड शिवाला के पास पटना कैनाल से 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। मृतक शुक्रवार शाम से लापता था और पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की जांच कर रही है।

Aurangabad daudnagar shiwala canal body found
दाउदनगर नहर से शव बरामदगी के बाद परिजनों में कोहराम, पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा- फोटो : Reporter

बिहार के औरंगाबाद जिले के दाउदनगर शहर स्थित नहर रोड शिवाला के पास पटना कैनाल से एक 40 वर्षीय व्यक्ति का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान दाउदनगर के बम रोड वार्ड संख्या 18 निवासी स्वर्गीय श्याम सुंदर प्रसाद उर्फ गरई प्रसाद के पुत्र धर्मेंद्र कुमार उर्फ बालाजी के रूप में की गई है।


शुक्रवार शाम से लापता थे धर्मेंद्र, रातभर चली तलाश

जानकारी के अनुसार, धर्मेंद्र कुमार शुक्रवार शाम से ही लापता थे, जिसकी सूचना परिजनों ने दाउदनगर थाने को दी थी। इसके बाद पुलिस और परिजन पूरी रात उनकी तलाश में जुटे रहे, लेकिन कोई सुराग नहीं मिल सका। शनिवार सुबह स्थानीय लोगों ने नहर में शव देखा और पुलिस को सूचित किया।


गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकाला गया

सूचना मिलते ही दाउदनगर थाने के सब इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय गोताखोरों के सहयोग से नहर से शव को बाहर निकाला। इस दौरान घटनास्थल पर परिजनों और स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई।


एसडीपीओ ने दी जांच और पोस्टमार्टम की जानकारी

दाउदनगर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि गुमशुदगी की सूचना के बाद से ही पुलिस खोजबीन कर रही थी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए औरंगाबाद सदर अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने कहा कि परिजनों के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की जाएगी और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।


परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया

स्थानीय लोगों के मुताबिक, मृतक पेशे से हलवाई का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे और उनके चार छोटे-छोटे बच्चे हैं। असमय हुई इस मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे मोहल्ले में शोक की लहर दौड़ गई है। अब पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट होगा कि यह मामला दुर्घटना का है या इसके पीछे कोई अन्य वजह है।

औरंगाबाद से दीनानाथ की रिपोर्ट