Bihar News : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सीजेपी नेताओं पर विदेशी फंडिंग का लगाया आरोप, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव पर भी साधा निशाना
Bihar News : कटिहार में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके और सीजेपी नेता सौरभ दास पर विदेशी फंडिंग लगाया है.......पढ़िए आगे
KATIHAR : केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कटिहार में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सीजेपी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके और नेता सौरभ दास पर विदेशी फंडिंग के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले की जांच चल रही है और विदेशी स्रोतों से मिलने वाली फंडिंग के हर पहलू की पड़ताल की जा रही है। मंत्री के इस बयान के बाद स्थानीय राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
विदेशी फंडिंग के आरोपों को आगे बढ़ाते हुए नित्यानंद राय ने विपक्ष पर सीधा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, राजद नेता तेजस्वी यादव और विपक्षी दलों के कई अन्य नेता ऐसे ही तत्वों की मदद करने के लिए विदेशी हाथों की कठपुतली बने हुए हैं। उनके अनुसार, विपक्ष के कुछ नेता राजनीतिक स्वार्थ के चलते उन लोगों का साथ दे रहे हैं जिन पर विदेशी फंडिंग के आरोप हैं।
कटिहार में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' प्रबुद्ध सम्मेलन कार्यक्रम में शिरकत करते हुए नित्यानंद राय ने विपक्ष को एसआईआर (SIR) और भ्रष्टाचार के मुद्दों पर भी जमकर घेरा। उन्होंने कहा कि एनडीए सरकार लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत करने और अराजकता को समाप्त करने के लिए प्रतिबद्ध है, जबकि विपक्ष भ्रम और अव्यवस्था फैलाने का काम कर रहा है।
कार्यक्रम के दौरान परिसीमन और महिला बिल को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में केंद्रीय राज्य मंत्री ने स्पष्ट रुख रखा। उन्होंने कहा कि परिसीमन और महिला बिल को लेकर जो भी आवश्यक कदम और संवैधानिक प्रक्रियाएं होंगी, केंद्र सरकार उन्हें जरूर पूरा करेगी।
श्याम की रिपोर्ट