Bihar News : औरंगाबाद में जेडीयू के सुशासन दिवस कार्यक्रम में मंच पर बवाल, नाम नहीं लिए जाने पर आपस में भिड़े कार्यकर्ता

Bihar News : औरंगाबाद में जेडीयू के 'सुशासन दिवस - नीतीश संवाद' कार्यक्रम के दौरान उस समय असहज स्थिति पैदा हो गई, जब सुशासन का संदेश देने के लिए आयोजित मंच पर ही हंगामा और बवाल मच गया।

Bihar News : औरंगाबाद में जेडीयू के सुशासन दिवस कार्यक्रम मे
सुशासन कार्यक्रम में बवाल - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : औरंगाबाद जेडीयू के सुशासन दिवस के मौके पर औरंगाबाद में ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने पार्टी के ही नेताओं को शर्मसार कर दिया। सुशासन का संदेश देने के लिए आयोजित कार्यक्रम में ही कुशासन की झलक दिख गई। औरंगाबाद के सम्राट अशोक भवन के सभागार में जेडीयू द्वारा सुशासन दिवस - नीतीश संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था।

नाम नहीं लिया तो मंच पर ही मच गया बवाल

कार्यक्रम के दौरान संबोधन में अपना नाम नहीं लिए जाने पर कार्यकर्ता भड़क गए। देखते ही देखते मंच पर ही बवाल मच गया। जेडीयू कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। सभागार में मौजूद लोग यह नजारा देखकर हैरान रह गए। कुछ देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कार्यक्रम में आए वरिष्ठ नेताओं ने किसी तरह मामला शांत कराया।

विधायक ने कहा - घर की बात है

इस मामले को लेकर रफीगंज विधानसभा के जेडीयू विधायक प्रमोद कुमार सिंह ने कहा कि यह कोई बड़ी बात नहीं है। यह अपने घर की बात है, सब ठीक हो जाएगा।

कार्यकर्ताओं में नाराजगी

बताया जा रहा है कि कार्यक्रम में कई कार्यकर्ताओं का नाम मंच से  संबोधन के दौरान  नहीं आने पर यह नाराजगी गुस्से में भड़क गई और कार्यकर्ता आपस में ही उलझ गए। सुशासन दिवस पर हुई इस घटना के बाद जिले में राजनीतिक चर्चा तेज हो गई है। राजनीतिक पंडितों का कहना हैं कि जब पार्टी के अंदर ही सुशासन नहीं है, तो बाहर क्या संदेश जाएगा।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट