औरंगाबाद में धनतेरस पर सजा बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ी भारी भीड़

औरंगाबाद जिले में धनतेरस पर बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी है। खासकर सोने-चांदी और बर्तन बाजारों में जबरदस्त रौनक देखने को मिल रहा है। भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए है.....

औरंगाबाद में धनतेरस पर सजा बाजार, खरीदारी के लिए उमड़ी भारी
धनतेरस पर सजा बाजार- फोटो : दीनानाथ मौआर

Aurangabad : जिले में धनतेरस के पावन अवसर पर पूरा बाजार दुल्हन की तरह सजा हुआ है। सोने-चांदी की दुकानों से लेकर बर्तन बाजार तक हर तरफ ग्राहकों की भारी भीड़ और जबरदस्त रौनक देखने को मिल रही है। पर्व को लेकर शहर के मुख्य बाजारों में खरीदारों का तांता लगा हुआ है, जिससे पूरे इलाके में उत्सव जैसा माहौल है।


समुद्र मंथन और भगवान धन्वंतरि से जुड़ी है धनतेरस की पौराणिक मान्यता

हिंदू शास्त्रों के अनुसार, धनत्रयोदशी या धनतेरस के दिन ही समुद्र मंथन के दौरान भगवान धन्वंतरि हाथ में अमृत का कलश लेकर प्रकट हुए थे। इसी मान्यता के चलते आज के दिन धन, स्वास्थ्य और समृद्धि की विशेष पूजा की जाती है। इस अवसर पर बाजारों में बर्तन, झाड़ू, दीया, धनिया, वाहन, चांदी के सिक्के और अन्य पारंपरिक सामग्रियों की जमकर खरीदारी की जा रही है।


खरीदारी में महिलाओं की बढ़-चढ़कर भागीदारी, जुड़ी हैं खास मान्यताएं

इस धनतेरस पर बड़ी संख्या में महिलाएं बाजार में सामान खरीदती नजर आईं। महिलाओं का मानना है कि घर की लक्ष्मी स्वरूप महिलाओं द्वारा आज के दिन जो भी वस्तु खरीदी जाती है, उसमें तेरह गुना वृद्धि होती है। साथ ही, दीपावली के ऐतिहासिक महत्व को याद करते हुए लोगों ने बताया कि भगवान राम के 14 वर्ष का वनवास काटकर अयोध्या लौटने पर दीप जलाकर उत्सव मनाया गया था, जिसकी परंपरा आज भी जीवंत है।


दुकानदारों के चेहरों पर लौटी मुस्कान, पिछले साल से बेहतर कारोबार की उम्मीद

व्यापारियों और दुकानदारों का कहना है कि चीजें भले ही थोड़ी महंगी हैं, लेकिन बाजार में बिक्री बहुत अच्छी हो रही है। दीपावली को लेकर दुकानदारों ने पंद्रह दिन पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थीं। इस वर्ष पिछले साल की अपेक्षा बेहतर बिक्री होने से व्यापारियों में खासा उत्साह है, और सोना-चांदी के दुकानदारों ने भी इस बार शानदार कारोबार की उम्मीद जताई है।


सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम, हर चौक-चौराहे पर मुस्तैद है जिला प्रशासन

त्योहारी सीजन में उमड़ने वाली भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आया। शांति और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के हर चौक-चौराहे पर पुलिस बल की कड़ी तैनाती की गई है, ताकि लोग बिना किसी असुविधा के सुरक्षित माहौल में पर्व का आनंद ले सकें।


दीनानाथ की रिपोर्ट