Bihar News : औरंगाबाद में बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन का खुलासा: 300 से अधिक लोग बाइबल पढ़ते मिले, लोगों ने की जांच की मांग

Bihar News : औरंगाबाद में धर्म परिवर्तन का खेल बड़े पैमाने पर किया जा रहा है. एक हाल में 300 के करीब लोग बाइबिल पढ़ते नजर आये.....पढ़िए आगे

Bihar News : औरंगाबाद में बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन का खु
धर्म परिवर्तन का खुलासा - फोटो : DINANATH

AURANGABAD : बिहार के औरंगाबाद जिले में महाराणा प्रताप चौक के समीप कथित तौर पर बड़े पैमाने पर धर्म परिवर्तन का मामला सामने आया है। हालांकि यह सिलसिला कई महीनों से चल रहा था और स्थानीय लोगों को लगता था कि यह किसी संस्था की आम बैठक है, लेकिन जब इसकी गहराई से तहकीकात की गई तो चौंकाने वाला सच सामने आया कि यहां हर सप्ताह एक निश्चित दिन ईसाई धर्म का प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। स्थिति यह हो गई है कि बड़ी संख्या में हिंदू धर्म मानने वाले लोग कथित रूप से ईसाई धर्म अपना चुके हैं।

मीडिया की पड़ताल में हुआ खुलासा, 300 से अधिक लोग मिले

इस मामले की जानकारी मिलने पर जब मीडिया की टीम मौके पर पहुंची, तो वहां का नजारा हैरान करने वाला था। वहां 300 से अधिक लोग बैठकर बाइबल की किताबें पढ़ रहे थे। जब उनमें से कुछ लोगों से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि वे पहले हिंदू धर्म को मानते थे, लेकिन उन्हें उससे कोई लाभ नहीं मिला, इसलिए उन्होंने ईसाई धर्म कबूल कर लिया है जहां उन्हें शांति मिलती है।

आर्थिक प्रलोभन और ब्रेन वॉश के आरोप

अपनी पहचान गुप्त रखने की शर्त पर एक व्यक्ति ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि ईसाई धर्म अपनाने के लिए लोगों को बड़े पैमाने पर पैसे दिए जाते हैं। उनके दिमाग में अंधविश्वास भरा जाता है और हर समय आर्थिक सहयोग देने का लालच देकर उनका 'ब्रेन वॉश' किया जाता है। यही कारण है कि बड़े पैमाने पर अतिपिछड़े, पिछड़े तथा एससी/एसटी समुदाय के लोग ईसाई धर्म की तरफ आकर्षित हो रहे हैं। इस चेन सिस्टम के तहत, जो भी व्यक्ति धर्म परिवर्तन करता है, उसे अपने साथ 10 नए लोगों को जोड़ने की शर्त दी जाती है, जिसके एवज में उसे भारी आर्थिक मदद का प्रलोभन दिया जाता है। दूसरी ओर, जब इस कार्यक्रम से जुड़े कुछ संस्थापक सदस्यों से बात की गई, तो उन्होंने इन आरोपों को खारिज करते हुए बताया कि यहां ऑनलाइन माध्यम से ईसा मसीह के संबंध में लोगों को जानकारी दी जाती है, जिनके वीडियो यूट्यूब पर भी मौजूद हैं।

समाजसेवी सुजीत सिंह ने जताई कड़ी आपत्ति

मामले को लेकर समाजसेवी सुजीत सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि औरंगाबाद में धर्म परिवर्तन का यह खेल बड़े पैमाने पर खेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि भारत एक धर्मनिरपेक्ष देश है और यहां हर व्यक्ति को अपनी पसंद का धर्म मानने की आजादी है, लेकिन कुछ लोगों द्वारा सरकार और कानून को छलने का काम किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि लोग एक तरफ ईसाई धर्म कबूल कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ एससी/एसटी होने का सरकारी लाभ भी ले रहे हैं, जबकि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार कोई व्यक्ति किसी एक ही व्यवस्था का लाभ ले सकता है। सुजीत सिंह ने जिला प्रशासन से इस पूरे मामले की त्वरित निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि वे कानून का आदर करते हैं और चाहते हैं कि कानून अपना काम करे, अन्यथा ऐसे कृत्यों को रोकना उनके लिए कठिन नहीं है, लेकिन वे कानून को अपने हाथ में नहीं लेना चाहते हैं।

दीनानाथ मौआर की रिपोर्ट