एक बकरी बनी खूनी संघर्ष की वजह! बांका में दो पक्षों में भिड़ंत, एक की मौत

धान के खेत में बकरी जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। खेत के समीप एक-दूसरे को चिढ़ाने और आपसी बोलचाल के दौरान विवाद बढ़ गया। मामला इतना बढ़ गया कि एक की मौत हो गई.

Banka
Banka- फोटो : news4nation

Bihar News : बांका जिले के अमरपुर के मैनमा थाना क्षेत्र के कजरा गांव में धान के खेत में बकरी चले जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। दो पक्षों के बीच हुई हिंसक मारपीट में गंभीर रूप से घायल राजेश कापरी की भागलपुर के मायागंज अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना में अन्य लोग भी जख्मी हुए हैं। एक व्यक्ति की मौत के बाद गांव में तनाव और मृतक के परिवार में मातम का माहौल है।


मिली जानकारी के अनुसार, धान के खेत में बकरी जाने को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई थी। खेत के समीप एक-दूसरे को चिढ़ाने और आपसी बोलचाल के दौरान विवाद बढ़ गया। मृतक के बड़े भाई के अनुसार, देखते ही देखते चार-पांच लोगों ने मिलकर हमला कर दिया। परिजनों का आरोप है कि हमलावरों ने हथियार के कुंदे से वार किया, जिससे राजेश कापरी समेत कई लोग घायल हो गए।


गंभीर रूप से जख्मी राजेश को बेहतर इलाज के लिए भागलपुर के मायागंज अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। घटना में घायल अन्य लोगों की पहचान गुलशन कापरी, पिता दयानंद कापरी, राहुल कापरी, पिता परमानंद कापरी तथा अमन कुमार, पिता राजकिशोर कापरी के रूप में हुई है। अन्य घायलों को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।


आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी

मामले में पीड़ित पक्ष की ओर से मैनमा थाना में लिखित आवेदन देकर राजकुमार यादव, छोटू यादव, सिंटू यादव और रोहित यादव को आरोपित किया गया है। घटना की सूचना मिलते ही अमरपुर और मैनमा थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और परिजनों से जानकारी ली। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई में जुटी है।


कमाऊ सदस्य की मौत से परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

बताया जाता है कि राजेश कापरी खेती-बाड़ी और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे-छोटे बच्चे हैं। परिवार के मुख्य कमाऊ सदस्य की मौत से परिजनों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है। परिजनों ने पुलिस प्रशासन से आरोपितों की जल्द गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट