पटना के बुद्धा कॉलोनी में EOU-STF की छापेमारी, 19 लाख से अधिक कैश बरामद; डोभी प्रखंड प्रमुख हिरासत में

पटना के बुद्धा कॉलोनी में EOU-STF की छापेमारी, 19 लाख से अधि

पटना के बुद्धा कॉलोनी स्थित मां सुखिया अपार्टमेंट (मां सुखिया महल, चकारम बुद्ध कॉलोनी) में आर्थिक अपराध इकाई (EOU), STF और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई के दौरान अपार्टमेंट के टॉप फ्लोर स्थित फ्लैट से 19 लाख रुपये से अधिक नकद बरामद किए गए हैं।


महिला हिरासत में, डोभी प्रखंड प्रमुख के रूप में पहचान

बरामद नकदी के संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर टीम ने मौके से एक महिला को हिरासत में ले लिया। जानकारी के अनुसार, हिरासत में ली गई महिला की पहचान गया जिले के डोभी प्रखंड की प्रखंड प्रमुख श्रीमती सुनीता देवी के रूप में हुई है। यह कार्रवाई जमीन कारोबारी और सुनीता देवी के पति सुरेंद्र कुमार सुमन उर्फ भगत यादव के खिलाफ चल रही EOU जांच के तहत की गई है। 


बरामदगी को लेकर पूछताछ और जांच जारी

नकद राशि के स्रोत और उससे जुड़े दस्तावेजों को लेकर टीम द्वारा महिला से गहन पूछताछ की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया और जांच जारी है, जिसके बाद पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है।

पटना से रंजीत की रिपोर्ट