Bihar News : गया में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने की बड़ी कार्रवाई, दो ट्रक अवैध कोयले के साथ दो को किया गिरफ्तार

Bihar News : गया जिले में अवैध कोयले के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। विशेष छापेमारी अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध कोयला लदे दो ट्रकों के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है.....पढ़िए आगे

Bihar News : गया में अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ पुलिस ने की
अवैध कोयला जब्त - फोटो : MANOJ

GAYAJI : जिले में अवैध कोयले के कारोबार और खनन के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। वरीय पुलिस अधीक्षक गया के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए बाराचट्टी थाना पुलिस ने अवैध कोयला लदे दो ट्रकों को जब्त किया है और मौके से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गुप्त सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई

पुलिस को 9 नवंबर 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि खनन माफियाओं द्वारा चोरी-छिपे अवैध रूप से कोयले का परिवहन किया जा रहा है। सूचना का सत्यापन करने के बाद बाराचट्टी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घेराबंदी की और दोनों ट्रकों को पकड़ लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों आरोपियों की पहचान हरिराम कुमार पासवान – निवासी, मानपुर थाना क्षेत्र, जिला नालंदा और प्रदीप कुमार पासवान – निवासी, खलारी थाना क्षेत्र, जिला रांची के रूप में की गयी है। 

प्राथमिकी दर्ज और आगे की कानूनी कार्रवाई

इस मामले में बाराचट्टी थाना में कांड संख्या 413/26 दर्ज कर ली गई है। पुलिस गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर रही है तथा अवैध खनन और कोयले के इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य संलिप्त लोगों की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गया पुलिस का स्पष्ट कहना है कि जिले में अवैध खनन और गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ यह अभियान आगे भी लगातार सख्ती से जारी रहेगा, ताकि अवैध कारोबारियों के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त किया जा सके।

मनोज की रिपोर्ट