Bihar News : जिलाधिकारी की फटकार भी बेअसर ! मिट्टी पर ही बिछाए जा रहे थे पेवर ब्लॉक, शिकायत पर जेई ने रुकवाया निर्माण कार्य
Bihar News : बांका में मिट्टी को समतल कर उसके ऊपर बिना बालू की निर्धारित परत बिछाए ही पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे थे. शिकायत के बाद जेई ने काम रुकवा दिया है.......पढ़िए आगे
BANKA : जिले के अमरपुर नगर पंचायत स्थित ऐतिहासिक चंसार पोखर छठ घाट के निर्माण कार्य में गुणवत्ता की अनदेखी का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। निर्माण कार्य में कथित अनियमितता का आलम यह है कि मिट्टी को समतल कर उसके ऊपर बिना बालू की निर्धारित परत बिछाए ही पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे थे। हैरानी की बात यह है कि करीब पांच दिन पूर्व जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने स्वयं निर्माणाधीन छठ घाट का निरीक्षण कर कार्य की स्थिति पर नाराजगी जताई थी और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण एजेंसी की कार्यशैली में अपेक्षित सुधार नहीं दिखा। मंगलवार को मिट्टी के ऊपर सीधे पेवर ब्लॉक बिछाए जाने का मामला सामने आने के बाद बुधवार को विभाग की कनीय अभियंता अराधना कुमारी निर्माण स्थल पर पहुंचीं। इस दौरान नगर पंचायत अमरपुर के वार्ड संख्या-7 के पार्षद पंकज कुमार दास सहित स्थानीय ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में बरती जा रही कथित अनियमितताओं से उन्हें अवगत कराया। ग्रामीणों ने मौके पर ही निर्माण की गुणवत्ता और प्राक्कलन के अनुरूप कार्य नहीं होने को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
प्राक्कलन में छह इंच बालू की परत, मौके पर गायब मिली व्यवस्था
वार्ड पार्षद पंकज कुमार दास ने कनीय अभियंता को बताया कि निर्माण कार्य के प्राक्कलन के अनुसार मिट्टी के ऊपर लगभग छह इंच गंगा बालू की परत बिछाने के बाद पेवर ब्लॉक लगाए जाने का प्रावधान है। लेकिन निर्माण स्थल पर निर्धारित बालू की परत बिछाए बिना ही सीधे मिट्टी पर पेवर ब्लॉक लगाए जा रहे थे। उन्होंने सवाल उठाया कि जब निर्माण कार्य में प्राक्कलन की शर्तों का ही पालन नहीं किया जाएगा तो इसकी गुणवत्ता कितने दिनों तक टिक पाएगी? उन्होंने कहा कि संवेदक अपना काम पूरा कर भुगतान लेकर चला जाएगा, लेकिन निर्माण कार्य में गड़बड़ी होने पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों को जनता के सवालों और नाराजगी का सामना करना पड़ेगा। जनता के बीच जनप्रतिनिधियों को ही रहना है, इसलिए निर्माण कार्य में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कार्य में सुधार नहीं हुआ तो इसकी लिखित शिकायत वरीय अधिकारियों से लेकर उच्च स्तर तक की जाएगी।
शिकायत के बाद जेई सख्त, मुंशी को तत्काल काम रोकने का निर्देश
ग्रामीणों और वार्ड पार्षद की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए कनीय अभियंता अराधना कुमारी ने संवेदक के मुंशी को तत्काल निर्माण कार्य रोकने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में हुई अनियमितता की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी जाएगी। साथ ही पहले से बिछाए गए पेवर ब्लॉक को उखाड़कर प्राक्कलन के अनुरूप निर्धारित मात्रा में गंगा बालू की परत बिछाने के बाद दोबारा पेवर ब्लॉक लगाने का निर्देश दिया जाएगा।जेई के इस निर्देश के बाद फिलहाल निर्माण कार्य पर रोक लग गई है। अब देखना होगा कि विभागीय निर्देश के बाद निर्माण एजेंसी निर्धारित मानकों का पालन करती है या फिर मामले को केवल औपचारिक कार्रवाई तक ही सीमित रखा जाता है।
डीएम के निरीक्षण के बाद भी नहीं सुधरी कार्यशैली, निगरानी पर उठे सवाल
गौरतलब है कि करीब पांच दिन पूर्व जिलाधिकारी अंशुल अग्रवाल ने चंसार पोखर छठ घाट के निर्माण कार्य का निरीक्षण किया था। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सीढ़ियों की चौड़ाई और निर्माण कार्य की स्थिति पर नाराजगी जताते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद निर्माण स्थल पर कथित अनियमितता सामने आना विभागीय निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि छठ जैसे महत्वपूर्ण लोक आस्था के महापर्व को देखते हुए घाट का निर्माण तेजी से कराया जा रहा है, लेकिन जल्दबाजी के नाम पर गुणवत्ता से समझौता नहीं होना चाहिए। छठ घाट पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु और व्रती पहुंचते हैं। ऐसे में निर्माण कार्य मजबूत, सुरक्षित और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होना बेहद जरूरी है।
अब सवाल जवाबदेही का: गुणवत्ता से समझौता करने वालों पर होगी कार्रवाई?
चंसार पोखर छठ घाट के निर्माण में सामने आई इस कथित लापरवाही ने कई अहम सवाल खड़े कर दिए हैं। जब जिलाधिकारी स्वयं निरीक्षण कर नाराजगी जता चुके थे, तो उसके बाद निर्माण कार्य की नियमित निगरानी किसकी जिम्मेदारी थी? क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्माण की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं थी? यदि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने समय रहते आपत्ति नहीं जताई होती तो क्या मिट्टी पर ही पेवर ब्लॉक बिछाकर निर्माण कार्य पूरा कर दिया जाता? फिलहाल शिकायत के बाद निर्माण कार्य रोक दिया गया है। अब निगाहें विभाग के वरीय अधिकारियों और निर्माण एजेंसी की अगली कार्रवाई पर टिकी हैं। स्थानीय लोगों की मांग है कि केवल काम रुकवाने तक कार्रवाई सीमित नहीं रहे, बल्कि पूरे निर्माण कार्य की तकनीकी जांच कराई जाए और यदि अनियमितता प्रमाणित होती है तो जिम्मेदार संवेदक एवं संबंधित कर्मियों पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।छठ घाट श्रद्धालुओं की आस्था और सुरक्षा का केंद्र है, न कि सरकारी राशि खर्च करने की महज एक औपचारिक परियोजना।
बांका से चंद्रशेखर कुमार भगत कि रिपोर्ट