Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल मांझी में अटल घाट और अटल वाटिका का करेंगे लोकार्पण, सुरक्षा के किये गए व्यापक इंतजाम

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरयू नदी के तट पर नवनिर्मित अटल घाट और अटल वाटिका का लोकार्पण करेंगे। जिसके लिए तैयारी पूरी कर ली गयी है.......पढ़िए आगे

Bihar News : मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी कल मांझी में अटल घाट औ
मुख्यमंत्री जायेंगे छपरा - फोटो : DHARMENDRA

CHAPRA : बिहार और उत्तर प्रदेश की सीमा पर स्थित मांझी के रामघाट पर गुरुवार को विकास और विरासत का नया अध्याय जुड़ने जा रहा है। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी सरयू नदी के तट पर नवनिर्मित अटल घाट और अटल वाटिका का लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर देश के पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की आदमकद प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। मुख्यमंत्री के इस कार्यक्रम को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। करीब साढ़े नौ करोड़ रुपये की लागत से नमामि गंगे परियोजना के तहत रामघाट का सौंदर्यीकरण, अटल वाटिका का निर्माण और हनुमानगढ़ी मंदिर परिसर का जीर्णोद्धार कराया गया है। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए पिछले एक पखवाड़े से रामघाट और आसपास के क्षेत्रों में युद्धस्तर पर काम कराया जा रहा है। घाट परिसर को आकर्षक स्वरूप देने के साथ रंग- रोगन और सजावट का काम पूरा किया गया है। रामघाट को जोड़ने वाली दो प्रमुख सड़कों का भी निर्माण एवं सौंदर्यीकरण कराया गया है। बुधवार को जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव और एसएसपी रोशन कुमार ने अधिकारियों के साथ तैयारियों का जायजा लिया। घाट परिसर में करीब 250 मजदूर अलग- अलग कार्यों को अंतिम रूप देने में जुटे रहे। कार्यक्रम के संयोजक एवं सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल भी समर्थकों के साथ लगातार तैयारियों की निगरानी करते रहे। संत रामप्रिय दास और रामसेवक दास भी आयोजन की व्यवस्थाओं में सक्रिय हैं।

हेलीपैड से लेकर सभा स्थल तक सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम: 

मुख्यमंत्री के कार्यक्रम को लेकर दलन सिंह उच्च विद्यालय सह इंटर कॉलेज परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। परिसर में दो हेलीपैड बनाए गए हैं। यहां से रामघाट तक जाने वाली सड़क को तार की जाली और बांस- बल्लियों से घेर दिया गया है। रास्ते में जगह- जगह होर्डिंग और तोरण द्वार लगाए गए हैं। इन पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सांसद जनार्दन सिंह सिग्रीवाल की तस्वीरें लगाई गई हैं। पूरे इलाके में भाजपा के झंडे और बैनर भी लगाए गए हैं। बुधवार की शाम सभा स्थल पर अधिकारियों की बैठक हुई। डीएम और एसएसपी ने सुरक्षा, यातायात और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री दोपहर करीब 12:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचेंगे। उनकी सुरक्षा के लिए पटना से पहुंची विशेष सुरक्षा टीम ने कार्यक्रम स्थल को अपने नियंत्रण में ले लिया है।

भारी वाहनों के परिचालन पर रहेगी रोक, नदी में भी होगी निगरानी: 

मुख्यमंत्री के आगमन और कार्यक्रम को देखते हुए गुरुवार की सुबह से मांझी के बलिया मोड़ और मियांपट्टी मोड़ पर भारी वाहनों का परिचालन रोकने की व्यवस्था की गई है। रेलपुल और जयप्रभा सेतु पर भी पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। मुख्यमंत्री मांझी चट्टी के रास्ते रामघाट पहुंचेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथियों के लिए बहोरन सिंह के टोला की ओर से अलग मार्ग निर्धारित किया गया है।

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात

सरयू नदी में सुरक्षा के मद्देनजर एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें तैनात रहेंगी। नदी में क्रूज के माध्यम से भी लगातार निगरानी की जाएगी। कार्यक्रम के मंच पर विभिन्न जनप्रतिनिधियों के साथ नगर पंचायत की मुख्य पार्षद और उप मुख्य पार्षद भी मौजूद रहेंगी। उधर, एनडीए के नेता सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को कार्यक्रम में शामिल होने का आमंत्रण दे रहे हैं। मांझी चट्टी के बाजार में भी कार्यक्रम को लेकर बुधवार से ही चहल- पहल बढ़ गई है।

धर्मेंद्र रस्तोगी की रिपोर्ट