Bihar News : बगहा में खेत जा रही महिला पर मगरमच्छ ने किया हमला, ग्रामीण असलम बैठा की सूझबूझ से बची जान

Bihar News : खेत जाने के दौरान एक महिला पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। यह सनसनीखेज मामला सिरसिया-नौरंगिया थाना क्षेत्र का है, जिससे सुबह-सुबह पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।

Bihar News : बगहा में खेत जा रही महिला पर मगरमच्छ ने किया हम
महिला पर मगरमच्छ का हमला - फोटो : ASHISH

BETTIAH : पश्चिम चंपारण जिले के बगहा में रविवार की सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां खेत जाने के दौरान एक महिला पर अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया। यह सनसनीखेज मामला सिरसिया-नौरंगिया थाना क्षेत्र का है, जिससे सुबह-सुबह पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। 

घटना के वक्त महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण तुरंत मौके की तरफ दौड़े। इसी दौरान स्थानीय निवासी असलम बैठा ने अपनी जान की परवाह न करते हुए लाठी-डंडे के सहारे मगरमच्छ का डटकर मुकाबला किया। मगरमच्छ महिला को अपने जबड़े में दबाकर नहर की तरफ खींच रहा था, लेकिन असलम ने अदम्य साहस दिखाते हुए लगातार प्रहार कर उसे छुड़ा लिया।

ग्रामीणों का साफ कहना था कि यदि असलम समय पर नहीं पहुंचते, तो मगरमच्छ महिला को पानी के अंदर ले जाता और उसकी जान बचाना नामुमकिन हो जाता। घायल महिला की पहचान स्थानीय निवासी जितेंद्र मांझी की 35 वर्षीय पत्नी बासमती देवी के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से उन्हें इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल, बगहा भेजा गया।

अनुमंडलीय अस्पताल के चिकित्सक डॉ. पुष्पराज ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जीएमसीएच बेतिया रेफर कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसी मगरमच्छ ने कुछ समय पहले भी एक अन्य व्यक्ति पर हमला कर उसकी जान ले ली थी, जिसके कारण लोगों में पहले से ही भारी खौफ था। इस ताजा घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है। डरे-सहमे ग्रामीणों ने वन विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द इस मगरमच्छ को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ा जाए और नहर किनारे सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोका जा सके।

आशीष की रिपोर्ट