Bihar News : बगहा के रामनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान बड़ा बवाल: घरों में लगी अचानक आग, प्रशासन ने उपद्रवियों पर लगाया आरोप
Bihar News : बगहा के रामनगर में अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अचानक लगी आग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
BAGAHA : बगहा के रामनगर से एक बड़ी और सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान अचानक लगी भीषण आग से पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच हुए इस हादसे में कई घर आग की चपेट में आ गए। इस घटना के बाद से क्षेत्र में भारी तनाव और हड़कंप का माहौल है, वहीं प्रशासन ने कुछ अतिक्रमणकारियों पर खुद ही आग लगाने का गंभीर आरोप लगाया है।
तीसरे दिन के अभियान के दौरान भड़की आग
जानकारी के अनुसार, रामनगर में अवैध कब्जों के खिलाफ चलाए जा रहे अतिक्रमण हटाओ अभियान का गुरुवार को तीसरा दिन था। जिला प्रशासन की ओर से सरकारी जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करने वालों को पहले ही नोटिस जारी कर जगह खाली करने के निर्देश दिए गए थे। हालांकि, अभियान की शुरुआत से ही स्थानीय स्तर पर इसका विरोध-प्रदर्शन भी देखने को मिल रहा था। इसी विरोध के बीच त्रिवेणी चौक से सबुनी रोड के बीच अचानक आग भड़क उठी, जिसने देखते ही देखते कई घरों को अपनी आगोश में ले लिया। आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और मौके पर भारी भगदड़ मच गई।
प्रशासन का दावा- जानबूझकर लगाई गई आग, वीडियो फुटेज से पहचान जारी
घटना को लेकर प्रशासनिक अधिकारियों का कहना है कि कुछ असामाजिक तत्वों और अतिक्रमणकारियों ने विरोधस्वरूप जानबूझकर आग लगाई है ताकि अभियान में बाधा उत्पन्न की जा सके। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब मौके के वीडियो फुटेज खंगाल रही है, जिसके आधार पर उपद्रवियों और साजिशकर्ताओं की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू कर दी है।
पुलिस मौके पर मौजूद
फिलहाल रामनगर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर मुस्तैद है और आग लगने के वास्तविक कारणों की तकनीकी व जमीनी स्तर पर जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कानून और व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
नागेन्द्र की रिपोर्ट